पंचेश्वर में नए साल में पूरा हो जाएगा एंगलिंग सेंटर
चंपावत। पंचेश्वर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के एंगलिंग सेंटर का निर्माण नए वर्ष में पूरा हो जाएगा। पर्यटन विभाग की ओर से मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल एंगलिंग सेंंटर के निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था को 98.15 लाख रुपये दिए गए हैं। कार्यदायी संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से अब तक 60 फीसदी से अधिक कार्य को पूरा कर लिया गया है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया कि जिले के पंचेश्वर और चूका क्षेत्र में महाकाली नदी में समय-समय पर अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की एंगलिंग मीट (मत्स्य आखेट प्रतियोगिताएं) आयोजित की जाती हैं। मत्स्य आखेट प्रतियोगिता में देश विदेश के एंगलर (मत्स्य आखेटक) को आमंत्रित किया जाता है। इसी वर्ष बीते सितंबर में पर्यटन विभाग की ओर से चूका क्षेत्र में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की एंगलिंग प्रतियोगिता हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंचेश्वर में एंगलिंग सेंटर बनाने की घोषणा की थी। एंगलिंग सेंटर में स्थानीय युवाओं को एंगलिंग की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।