Mon. May 5th, 2025

गंदगी फैलाने वालों पर तीसरी आंख से रखी जाएगी नजर

योगनगरी में कूड़ा सबसे बड़ी समस्या है। इसके निस्तारण के लिए नगर निगम और निकाय कई योजनाएं बना रहे हैं। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक ने निकाय क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है। क्षेत्र में 25 से 30 सीसीटीवी लगाए जाएंगे। कैमरों से कूड़ा फेंकने वालों पर निगरानी रखी जाएगी और जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही यदि कोई व्यक्ति कूड़ा फेंकने वालों की फोटो साक्ष्य के साथ उपलब्ध कराएगा तो उसे पुरस्कृत किया जाएगा।
स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में वर्षभर देसी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही रहती है। निकाय क्षेत्र में आश्रम, गंगा घाट, आस्थापथ समेत विभिन्न सैरगाह स्थल हैं। कई पर्यटक और स्थानीय लोग इन स्थलों पर गंदगी के फैलाते हैं। जिससे अन्य सैलानियों और स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। निकाय अब क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की अधिशासी अधिकारी मंजू चौहान ने बताया कि निकाय क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निकाय के अलग-अलग क्षेत्रों में 25 से 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनका कंट्रोल रूम निकाय कार्यालय में बनाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति गंदगी फैलाने वाले की फोटो खींचकर निकाय के भेजता है तो उसे भी निकाय पुरस्कृत करेगा। निकाय विभिन्न जगहों पर फ्लेक्स के माध्यम से मोबाइल नंबर डिसप्ले करेगी। गंदगी करने वालों के खिलाफ निकाय की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी मंजू चौहान ने बताया कि निकाय की ओर से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग कर देने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कहा जिस घर से गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग नहीं मिलेगा उस घर के बाहर ढोल बजाया जाएगा। ढोल बजने पर आसपास के लोग भी इससे जागरूक होंगे। इस अभियान के लिए स्थानीय लोगों ने निकाय से दो सप्ताह का समय मांगा। दो सप्ताह बाद निकाय इस योजना को भी धरातल पर साकार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *