Fri. Nov 20th, 2026

सड़क पर जमी बर्फ बढ़ा रही दिक्कत

बागेश्वर। पिछले सप्ताह जिले के हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाकों में हुए हिमपात के बाद से कपकोट के दूरस्थ इलाकों को जोड़ने वाली बोरबलड़ा-बदियाकोट सड़क से बर्फ नहीं हट पाई है। बर्फ में वाहन फंस रहे हैं। लोगों को आवागमन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बीते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को जिले के हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाकों में बर्फबारी हुई थी। सीमांत को जोड़ने वाली सड़कें बर्फ से पट गई थीं। सड़क बर्फ से पटने के कारण सड़क पर दो दिन आवागमन बाधित रहा था। पिछले शनिवार से सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया लेकिन अब भी सड़क के धूर समेत कई इलाकों में सड़क पर बर्फ जमा है। बर्फ में वाहन फंस रहे हैं। यातायात संचालन में दिक्कत आ रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार बर्फ हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रहा। जल्द सड़क से पूरी तरह से बर्फ हटा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *