Fri. May 9th, 2025

पिथौरागढ़-पंतनगर के बीच बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा शुरू

पंतनगर। हवाई सेवा प्रदाता कंपनी फ्लाई बिग ने दो फरवरी से देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच व्यावसायिक हवाई सेवा शुरू करने के बाद पंतनगर के लिए भी सेवा शुरू कर दी है। रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट के प्रतिनिधि योगेश वर्मा ने दीप प्रज्वलित और फीता काटकर हवाई सेवा का शुभारंभ किया। सोमवार को फ्लाई बिग का विमान पिथौरागढ़ से नौ यात्रियों को लेकर पंतनगर पहुंचा। सोमवार को फ्लाई बिग का 19 सीटर विमान नौ यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ से 13.05 बजे उड़ान भरकर 13.55 बजे पंतनगर पहुंचा। इसके बाद यह विमान 14.50 बजे पंतनगर से पांच यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ के लिए रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि व्यापक प्रचार-प्रसार न होने के कारण पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही। इसके आगे बढ़ने की पूरी संभावना है। देहरादून-पिथौरागढ़-पंतनगर के बीच शुरू हुई यह हवाई सेवा क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत है। इसमें टिकट का 60 प्रतिशत किराया यात्री, जबकि 40 प्रतिशत किराया प्रदेश सरकार वहन करेगी। इसके चलते यात्रियों को पंतनगर से पिथौरागढ़ के बीच मात्र 999 रुपये (विभिन्न कर अलग से) खर्च करने पड़ेंगे और यह दूरी मात्र 50 मिनट में तय की जा सकेगी। फिलहाल यह हवाई सेवा यात्रियों को सप्ताह के छह दिन (बृहस्पतिवार को छोड़कर) मिलेगी।

दून-पिथौरागढ़-पंतनगर हवाई सेवा का शेड्यूल
फ्लाइट संख्या प्रस्थान समय आगमन समय
एफएलजी-301 देहरादून 10.30 पिथौरागढ़ 11.45
एफएलजी-302 पिथौरागढ़ 12.15 पंतनगर 13.05
एफएलजी-303 पंतनगर 14.05 पिथौरागढ़ 15.05
एफएलजी-304 पिथौरागढ़ 15.45 देहरादून 17.00
——————
देहरादून-पिथौरागढ़ के बाद पंतनगर के लिए भी सोमवार से हवाई सेवा शुरू हो गई है। इसके शुरू होने से सीमांत के यात्रियों को तो लाभ होगा ही कुमाऊं में पर्यटन को पंख लगेंगे। उड़ान योजना के तहत शुरू हुई यह हवाई सेवा अभी यात्रियों को सप्ताह में छह दिन मिलेगी। – सुमित सक्सेना, निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *