Tue. Nov 24th, 2026

यहां जंगलों में लगी आग, वहां तेज रफ्तार हवाएं-ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड के अधिकतर क्षेत्र में रविवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। दून के आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में घने बादल छाये रहे और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलीं। जिससे अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई और लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, सोमवार को प्रदेश में कहीं-कहीं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा एवं ओलावृष्टि हो सकती है। इसे लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 4,000 मीटर से अधिक ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी होने का अनुमान है। हालांकि मंगलवार से मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

चमोली, पौड़ी, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी व रुद्रप्रयाग जनपदों में बादल छाये रहे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। मैदानी क्षेत्र हरिद्वार, ऋषिकेश, रुड़की में मौसम हल्के बादल छाये रहे, जिससे गर्मी कम हो गई। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम 30.3 व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 31.2 व न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 20.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम 21.1 डिग्री सेल्सियस न न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

प्रदेश में जंगल की आग के 10 मामले सामने आए सामने

गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में रविवार को जंगल की आग के दस मामले सामने आए, इनमें पांच मामले गढ़वाल व पांच कुमाऊं मंडल के हैं। एक अप्रैल से रविवार तक प्रदेश में जंगल की आग के 280 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें सिविल वन पंचायत में 75 एवं आरक्षित वन क्षेत्र में 205 मामले शामिल हैं। जिसमें छह लाख, 60 हजार, 332 रुपये की राजस्व हानि हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed