Sun. May 19th, 2024

लोजपा पर दिल्ली में भाजपा कर रही मंथन, कांग्रेस और राजद नेताओं में भी मुलाकातों का दौर जारी

लोजपा के साथ बिहार विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर नई दिल्ली में भाजपा की बैठक चल रही है। बैठक में अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद हैं। बिहार के चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस के अलावा बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, सुशील कुमार मोदी, मंगल पांडेय और नागेंद्र नाथ भी बैठक में शामिल हैं। बैठक में इस मुद्दे पर विमर्श हो रहा है कि लोजपा प्रमुख चिराग पासवान को कैसे रोका जाए, उन्हें कितनी सीटें दी जाएं।

भाजपा ने फिलहाल लोजपा को 27 सीटों का ऑफर दिया है। लेकिन, चिराग पासवान इतनी सीटों से मान नहीं रहे हैं। सूत्रों के अनुसार लोजपा ने भाजपा को आज शाम 6 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है कि वो सीटों पर फैसला ले लें।

दिल्ली में कांग्रेस की भी बैठक

दिल्ली में कांग्रेस की भी बैठक शुरू होने वाली है। इसमें बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी मौजूद रहेंगे। बैठक में इस बात की चर्चा होगी कि राजद से ज्यादा सीटों की मांग कैसे की जाए। राजद जितनी सीटें दे रहा है, उसपर कांग्रेस आलाकमान तैयार नहीं है। अगर मनचाही सीटें न मिलीं तो कांग्रेस महागठबंधन में शामिल रहेगा या नहीं, इस बात की भी चर्चा होगी। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल के भी मौजूद रहने की संभावना है। इधर पटना में राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा व विधायक शक्ति यादव राबड़ी आवास पहुंचे हैं। यहां दोनों नेता राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव से मुलाकात कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed