Fri. May 1st, 2026

उत्तराखंड: कम संक्रमण वाले इलाकों में चरणबद्ध ढंग से खुलेंगे बाजार

उत्तराखंड में कम संक्रमित वाले इलाकों में बाजार खोलने की तैयारी है, लेकिन यह निर्णय प्रदेश सरकार जिलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर ही लेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, वे गुरुवार को एक बार फिर जिलाधिकारियों से चर्चा करेंगे और उसके बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचेंगे। 

बुधवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक मुख्यमंत्री से मिले थे। कौशिक ने मुख्यमंत्री से बाजार खोलने का अनुरोध किया था। उनका कहना था कि राज्य में कई इलाकों में कोरोना संक्रमण कम हुआ है, ऐसे इलाकों में दुकानों को खुलने की इजाजत मिलनी चाहिए। व्यापारियों से जुड़े संगठन ने भी मुख्यमंत्री से दुकानें खोलने का अनुरोध किया था। इस बीच केंद्र सरकार ने भी पांच प्रतिशत से नीचे वाले जिलों में अनलॉक करने की छूट दे दी है।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दर कम होने और कारोबारियों व व्यापारियों को और अधिक नुकसान से बचाने के लिए राज्य सरकार अब कोविड कर्फ्यू में और अधिक ढील देने के लिए गंभीरता से विचार कर रही है। लेकिन वह जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना चाहती। अब भी करीब एक हजार की संख्या में कोविड के नए संक्रमित आ रहे हैं। ऐसे में सरकार जिलाधिकारियों से जमीनी हालात की जानकारी लेने के बाद ही ढील देने की सोच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *