Thu. Apr 30th, 2026

MP में आज भी बारिश के आसार:भोपाल में जून में अब तक सामान्य से 28 MM ज्यादा; रायसेन, छिंदवाड़ा में भी जमकर बारिश हुई

मध्यप्रदेश में पिछले एक सप्ताह से प्री-मानसून गतिविधियों के चलते बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। मंगलवार शाम से रात तक भोपाल में जमकर बारिश हुई। इसकी वजह से कई जगहों पर पानी भर गया। छिंदवाड़ा, रायसेन में भी बारिश हुई। सागर में सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने भोपाल, होशंगाबाद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे में भी बारिश की संभावना बताई है। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल में जून में अब तक सामान्य से 28 MM अधिक बारिश दर्ज की गई है।

मंगलवार शाम 6 बजे के बाद भोपाल में तेज हवा के साथ काले घने बादल छा गए और कई इलाकों में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। तेज हवा चलने से कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई। तेज बारिश से कई जगह सड़कों पर बारिश भर गया। मौसम विभाग के अनुसार भोपाल शहर में 57.4 और भोपाल (बैरागढ़) में 36.2 MM बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक जेपी विश्वकर्मा ने बताया कि भोपाल में 1 जून से 9 जून तक सामान्य बारिश 17 MM होती है। अब तक 45 MM बारिश रिकॉर्ड हुई है। जो सामान्य से 28 MM अधिक है।

भोपाल में अभी ये हाल: बारिश ने ढहाई दीवार, घंटों बरसते पानी में रहा परिवार

मंगलवार शाम से शुरू हुए बारिश के सिलसिले ने भेल के बरखेड़ा क्षेत्र में स्थित श्रमदान बस्ती में एक मकान की दीवार ढह गई। इसमें इश्तियाक नफीस नामक रहवासी के दो बच्चे घायल हो गए। इश्तियाक और उसके परिवार के सदस्य तांगा चलाने का काम करते हैं। मामले की सूचना देने के बाद भी नगर निगम अमला देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। इसी तरह बिजली विभाग के कर्मचारी देर तक मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि दीवार गिरने से मेन लाइन के तार टूटकर घर के अंदर पड़े हुए थे और घर में करंट फैलने का खतरा बना हुआ था। इस स्थिति के चलते पीड़ित परिवार को करीब दो घंटे घर के बाहर बैठना पड़ा।

आज भी बारिश का अनुमान

मौसम वैज्ञानिक जेपी विश्वकर्मा ने बताया कि प्रदेश में अगले 24 घंटे बारिश का अनुमान है। इसमें भोपाल, होशंगाबाद समेत पूरे प्रदेश में गरज चमक और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इसका कारण प्री-मानसून गतिविधियों हो रही है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी प्रदेश आ रही है। जिसके चलते बारिश हो रही है।

रायसेन में बारिश के बाद बाजार में भरा पानी।
रायसेन में बारिश के बाद बाजार में भरा पानी।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश दर्ज

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई। इसमें रायसेन में 54.2 MM, छिदंवाड़ा में 51.2 MM, भोपाल में 36.2 MM, जबलपुर में 26.6 MM, होशंगाबाद में 1.8 MM, पचमढ़ी में 2.0 MM, बैतूल में 20.4 MM, मंडला में 8.0 MM, खंडवा में 6.0 MM, सागर में 11.0 MM, नौगांव में 2.8 MM, दमोह में 31.0 MM, टीकमगढ़ में 3.0 MM, शाजापुर में 3.0 MM, सतना में 3.0 MM, उमरिया में 5.4 MM, नरसिंगपुर में 4.0 MM, खजुराहो और मलांजखंड में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *