Fri. Jun 26th, 2026

शहरी क्षेत्र में डेयरी संचालकों पर नगर निगम का चाबुक

देहरादून। शहर में मानसून के मद्देनजर जलभराव वाले कुछ क्षेत्रों का मेयर सुनील उनियाल गामा ने निरीक्षण किया। इस दौरान नाले की सफाई के निर्देश भी दिए गए। मेयर सुनील उनियाल गामा ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के तहत वार्ड-34 गोविंदगढ़ के विभिन्न स्थानों प्रकाश नगर, टीचर्स कालोनी एवं दुर्गा मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। पिछले वर्ष टीचर्स कालोनी में बरसात एवं नाले के संकरे होने की वजह से जलभराव की समस्या हुई थी और आमजन को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी थी। मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि समस्या को दूर करने के लिए नालों की समुचित सफाई नगर निगम की ओर से की गई है और नाले की चौड़ाई को भी बढ़ाया गया है, ताकि जो समस्या पहले थी, वह अब न हो। नाले के चौड़ा होने से जल निकासी की व्यवस्था भी ठीक हो गई है। महापौर ने कहा कि क्षेत्र में जो निर्माण कार्य गतिमान हैं, वह जल्द पूरे हो जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को पहले की तरह जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं, दुर्गा मंदिर क्षेत्र में डेयरी संचालकों द्वारा गोबर का निस्तारण नाले में करने के मामले में मेयर सुनील उनियाल गामा ने नाराजगी जताई एवं डेयरी संचालकों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि उन्होंने पहले भी डेयरी संचालकों को निर्देश दिए थे, लेकिन जब तक कार्रवाई नहीं होगी, ये नहीं सुधर सकते। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके सिंह को डेयरी संचालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई को कहा गया। महापौर के साथ निरीक्षण में क्षेत्रीय पार्षद महिंद्र कौर कुकरेजा, भाजपा नेता सुरेंद्र कुकरेजा, प्रमोद शर्मा, मेहर सिंह, संजीव थपलियाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed