उत्तरखंड में परिवहन निगम के सभी कार्यों को आनलाइन करने की तैयारी
देहरादून: प्रदेश सरकार परिवहन निगम को हाईटेक करने की तैयारी में जुटी है। निगम में सभी कार्यों को आनलाइन करने की तैयारी है। इसमें वेतन देने का कार्य अब आनलाइन किया जाएगा। इसके साथ ही बसों पर नजर रखने के लिए आइपी बेस कैमरा और वीटीएस प्रणाली को लागू किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए निगम विशेषज्ञ रखने की तैयारी कर रहा है। वित्तीय प्रबंधन के लिए विशेषज्ञ और परिसंपत्ति प्रबंधन विशेषज्ञ भी रखने पर विचार शुरू कर दिया गया है।
अस्तित्व में आने के बाद से ही परिवहन निगम लगातार घाटे में चल रहा है। इसकी वित्तीय स्थिति को सुधारने के तमाम प्रयासों के बावजूद व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पाई है। स्थिति यह है कि निगम कर्मियों को बीते तीन माह से वेतन नहीं मिल पाया है। यह मसला हाईकोर्ट गया। हाईकोर्ट ने निगम को आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इस क्रम में निगम ने कार्ययोजना तैयार की है। इसके अनुसार निगम के कार्यों और वित्तीय व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए आनलाइन प्रणाली पर अमल किया जाए। वित्तीय प्रबंधन के लिए एक वित्त विशेषज्ञ रखा जाएगा। निगम के आय-व्यय में हिसाब रखने के साथ ही वित्तीय संसाधनों के उपयोग के संबंध में यह विशेषज्ञ सुझाव देगा। निगम में बसों की खरीद, स्पेयर पार्ट्स की खरीद, विज्ञापन व टेंडर निकालने का कार्य निगम के अधिकारियों द्वारा किया जाता है।
इसमें और अधिक पारदर्शिता लाने की जरूरत महसूस की जा रही है। निगम के पास 75 स्थानों पर तकरीबन 50 हेक्टेयर भूमि है। इसका व्यवसायिक उपयोग नहीं हो पा रहा है। ऐसे में इसके लिए एक परिसंपत्ति प्रबंधन विशेषज्ञ को भी रखने की तैयारी चल रही है। निगम के सभी कार्यों को आनलाइन करने के लिए आइटी विशेषज्ञ की तैनाती भी प्रस्तावित है।सचिव परिवहन डा. रणजीत सिन्हा ने कहा कि निगम की आर्थिकी को पटरी पर लाने के लिए यह सुझाव आएं हैं। जिन पर जल्द निर्णय लिया जाएगा।
