Thu. Jun 25th, 2026

कोपा अमेरिका 2021 अर्जेंटीना फाइनल में पहुंचा, मेसी और नेमार के बीच होगी खिताब के लिए टक्कर

कोपा अमेरिका कप के फाइनल मुकाबले में दो दिग्गज टीमों अर्जेंटीना और ब्राजील के बीच खिताब के लिए टक्कर होगी. अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में कोलंबिया को पेनल्टी शूट आउट में 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. मैच के नायक अर्जेन्टीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज रहे जिन्होंने तीन पेनल्टी बचाई.

ब्रासीलिया के माने गारिंचा स्टेडियम में नियमित समय के बाद स्कोर 1-1 से बराबर था. अर्जेन्टीना को सातवें मिनट में ही लॉटेरो मार्टिनेज ने बढ़त दिलाई. लेकिन दूसरे हाफ में लुई डियाज 61वें मिनट में स्कोर 1-1 कर दिया. मेसी ने मैच के बाद कहा, ”एमिलियानो शानदार है. हमें उस पर भरोसा था. हमारा लक्ष्य सभी मैचों में खेलना था और अब हम फाइनल जीतने की कोशिश करेंगे.

अर्जेंटीना की टीम 1993 में कोपा अमेरिका खिताब जीतने के बाद से कोई बड़ा टूर्नामेंट नहीं जीत पाई है. उस समय भी अर्जेन्टीना ने सेमीफाइनल में निर्धारित समय में मुकाबला गोल रहित बराबर रहने के बाद कोलंबिया को ही पेनल्टी शूट आउट में 6-5 से हराया था.

ब्राजील पहले ही बना चुका है फाइनल में जगह

ब्राजील ने सोमवार को पेरू को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था. ब्राजील की टीम ने स्वदेश में कभी कोपा अमेरिका फाइनल मुकाबला नहीं गंवाया है और मौजूदा टूर्नामेंट में भी अब तक छह में से पांच मैच जीत चुकी है.

मार्टिनेज ने शूट आउट में सांचेज, येरी माइना और एडविन कारडोना के शॉट रोके. अर्जेन्टीना की ओर से रोड्रिगो डि पॉल गोल करने में नाकाम रहे लेकिन मेस्सी, लिएंड्रो पारेडेज और लॉटेरो मार्टिनेज ने गोल दागकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की. कोलंबिया के लिए सिर्फ कुआड्रेडो और मिगुएल बोर्जा ही गोल कर पाए.

मार्टिनेज ने मैच के बाद कहा, ”यह भाग्य की बात थी, आज भाग्य मेरे साथ था. ब्राजील की टीम शानदार है, प्रबल दावेदार. लेकिन हमारे पास शानदार कोच, दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है और हम जीतने का प्रयास करेंगे.”

कोलंबिया की टीम तीसरे स्थान के प्ले आफ में शुक्रवार को पेरू से भिड़ेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed