Sun. Aug 9th, 2026

महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेसियों रुद्रपुर में निकाली पदयात्रा

रुद्रपुर,  बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्‍याचार और हरिद्वार कुंभ में कोरेाना जांच घोटाले के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आवाह्न पर कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा के नेतृत्व में पदयात्रा गल्ला मंडी से निकाली गई। यात्रा भगत सिंह चैक, मुख्य बाजार होते हुए गांधी पार्क में समाप्त हुई।

पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर लगाम कसने में नाकाम रही है। कोविड-19 महामारी में लोगों के रोजगार चले गए हैं। ऊपर से महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। बेहड़ ने कहा कि राज्य की बदहाली के लिए भाजपा की सरकार जिम्मेदार है। चार साल में तीन तीन मुख्यमंत्री देकर भाजपा ने इस राज्य को सीएम बनाने की प्रयोगशाला बना दिया है। भाजपा के जनविरोधी फैसलों से प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा से हिसाब चुकता करेगी।

कांग्रेस पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा सरकार रोजगार, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सभी मोर्चों पर विफल रही है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है, चुनाव से पहले भाजपा प्रति वर्ष दो करोड़ लोगों को रोजगार देने की बात करती थी, लेकिन इस सरकार के रहते करोड़ों लोगों का रोजगार छिन गया है, महंगाई चरम पर पहुंच गई है, जनता पर कई प्रकार के टैक्स लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह से कांग्रेस विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के कुशासन के विरुद्ध पदयात्रा के माध्यम से जनता के बीच जाकर इनकी पोल खोलने का काम कर रही है। आगे भी इस सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। हिमांशु गावा ने कहा कि पेट्रोल के दाम 100 रुपये के करीब पहुंच चुके है। रसोई गैस के साथ साथ खाने-पीने की चीजें आम जनता की पहुंच से दूर हो गई है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस सिलेंडर के दामों में सरकार की तरफ से कोई रोक नहीं है। सरकार 30 से 32 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल डीजल खरीद कर 100 रुपये प्रति लीटर बेच रही है। पदयात्रा में महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, सुशील गावा, सीपी शर्मा, नंद लाल,राजेश कामरा, मदन लाल खन्ना आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed