मेट्रो को लेकर खींचतान खत्म:दो साल से अटकी ड्राइंग पास, अगस्त से शुरू होगा मेट्रो प्रोजेक्ट का काम
इंदौर मेट्रो को लेकर जनरल कंसल्टेंट और दिलीप बिल्डकॉन में दो साल से चल रही खींचतान खत्म हो गई है। अब अगस्त से मेट्रो के विवादित हिस्से (5.29 किमी) का काम फिर शुरू होगा। नए एमडी मनीष सिंह और टेक्निकल डायरेक्टर अखिलेश अग्रवाल ने जनरल कंसल्टेंट को कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें याद दिलाई। इसके बाद दिलीप बिल्डकॉन की अटकी हुई सभी ड्राइंग व डिजाइन पास हो गई।
गुरुवार को मेट्रो ऑफिस में हुई बैठक में कलेक्टर व एमडी मनीष सिंह ने मेट्रो कॉर्पोरेशन भोपाल के ईडी गौतम सिंह, जनरल कंसल्टेंट की तरफ से प्रोजेक्ट डायरेक्टर सिमोन फरी से बात की। गौतम सिंह ने बताया एमआर-10 से मुमताजबाग तक के 5.29 किमी हिस्से में अगस्त से काम शुरू हो जाएगा। लेबर व मशीनें आना शुरू हो गई हैं।
दो साल से चल रहा विवाद ऐसे खत्म हुआ
जिस 5.29 किमी हिस्से में विवाद था, उसका काम तीन कंपनियां डीबी इंजीनियरिंग, जियो डेटा और लुइस बर्जर ग्रुप (एलबीजी) देख रही हैं। तीनों कंपनियों की तरफ से प्रोजेक्ट डायरेक्टर लुइस बर्जर कंपनी से सिमोन फरी हैं, जो लॉकडाउन के पूरे समय साउथ अफ्रीका में थे। वे ढाई साल से शासन से 24 लाख रुपए महीने की पगार पा रहे हैं। पहले के टेक्निकल डायरेक्टर जितेंद्र दुबे को मेट्रो का नॉलेज नहीं होने से जनरल कंसल्टेंट प्रोजेक्ट को अटकाते रहे।
बाद में सरकार ने अखिलेश अग्रवाल को टेक्निकल डायरेक्टर बनाया और एमडी का प्रभार भी सीनियर आईएएस मनीष सिंह को दिया। दोनों ही अधिकारियों ने जनरल कंसल्टेंट की गलतियां पकड़ी। उधर, प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद भौंरासला के शासकीय स्कूल का अगला हिस्सा टूटेगा। इस पर कलेक्टर ने कहा स्कूल आईडीए बनाएगा और पैसा एमपीएमआरसीएल देगा।
