Thu. Nov 19th, 2026

सतीश पूनिया बोले- कुशासन से आम आदमी परेशान, 6 जिलों के पंचायतीराज चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा

जयपुर BJP प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने गहलोत सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए पंचायत चुनाव में BJP की जीत का दावा किया है। सतीश पूनिया ने कहा- 6 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ होने जा रहा है। पहले भी निकाय और पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी थी। प्रदेश में कांग्रेस के कुप्रबंधन और कुशासन से जनता परेशान है। पूनिया जयपुर जिले के गांवों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के उम्मीदवारों के पक्ष में सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

पूनिया ने कहा- राज्य के युवा भर्तियां पूरी नहीं होने से आक्रोशित और निराश हैं। किसान कर्जमाफी का इंतजार कर रहे हैं। अपराधी बेलगाम हैं। प्रदेश अपराधों की राजधानी बन गया है। कहीं भी बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। कांग्रेस राज में प्रदेश में लूट और झूठ का खेल चल रहा है। भ्रष्टाचार चरम पर है। किसान, बेरोजगार, व्यापारी, मजदूर, आमजन सभी सरकार के कुप्रबंधन से त्रस्त हैं। राजस्थान के 60 लाख किसान आज भी कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी की 10 तक की गिनती से कर्ज माफ होने का इंतजार कर रहे हैं।

पूनिया ने कहा, देश में 50 साल से अधिक समय तक कांग्रेस ने राज किया। देश में सुशासन और विकास के काम भाजपा की अटल बिहारी वाजपेयी सरकार और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के शासन में हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने वैचारिक और बुनियादी मुद्दों का समाधान कर भारत का विश्व में मान बढ़ाया है। मोदी ने भगवान श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण का रास्ता साफ किया। अनुच्छेद 370 को खत्म कर देश की जनता के सपनों को पूरा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *