Mon. Jul 13th, 2026

इंसानियत:ड्राइवर की तबियत खराब हुई तो संभागीय आयुक्त ने संभाली कार की स्टेयरिंग, अस्पताल ले गए, कराया इलाज

बालोतरा संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा के बाड़मेर दौरे के बाद जोधपुर जाते समय रास्ते में कार चालक की अचानक तबियत बिगड़ जाने पर वे खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचे और जब तक तबियत में सुधार नहीं हुआ तब तक बेड के पास ही खड़े रहे। प्राथमिक उपचार के बाद खुद ही कार ड्राइव करते हुए जोधपुर के लिए रवाना हुए।

वाक्या मंगलवार देर शाम का है। संभागीय आयुक्त डॉ.राजेश शर्मा बाड़मेर जिले की दौरे पर थे। जिला मुख्यालय पर समीक्षा बैठक के बाद शाम को वे तेल उत्पादन क्षेत्र मंगला टर्मिनल पहुंचे और अधिकारियों की बैठक ली। यहां से वे जोधपुर के लिए रवाना हुए। पचपदरा से पहले आकडली गांव के समीप अचानक कार चालक महेंद्र सिंह की तबियत बिगड़ गई। डॉ. शर्मा ने कार रुकवाकर चालक को पिछली सीट पर लिटाया और खुद स्टेयरिंग संभालकर नजदीकी अस्पताल के लिए रवाना हो गए।

पचपदरा अस्पताल में डॉ. खुशवंत खत्री ने बीमार चालक महेंद्र सिंह की जांच की और नाजुक स्थिति को देखते हुए बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल रेफर किया। यहां पर चिकित्सकों ने आवश्यक प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर के लिए रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *