जोस बटलर की प्लेइंग 11 में वापसी तय, मार्क वुड को भी मिल सकती है जगह
भारत के खिलाफ खेले जाने वाले पांच मैचों की सीरीज के आखिरी मुकाबले में इंग्लैंड की टीम में कई बदलाव देखने को मिलेंगे. इंग्लैंड के उपकप्तान जोस बटलर की प्लेइंग 11 में वापसी होना तय है. बटलर की वापसी के बाद बेयरस्टो या ओली पोप में से किसी एक को मैनचेस्टर टेस्ट से बाहर बैठना पड़ेगा.
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने जोस बटलर की वापसी की पुष्टि की है. रूट ने कहा, ”जोस टीम के उप-कप्तान हैं. वह हमारे टीम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. मुझे पता है कि उसका आउटपुट, रनों के मामले में उतना अधिक नहीं है जितना होना चाहिए लेकिन हम जानते हैं कि वह कितना शानदार खिलाड़ी है. जोस उप-कप्तान के रूप में वापस आएंगे और वह विकेट कीपिंग भी करेंगे.”
जोस बटलर कुछ दिन पहले ही दूसरी बार पिता बने हैं. जोस बटलर भारत के खिलाफ खेले गए पहले तीन मैचों का हिस्सा थे. लेकिन दूसरी बार पिता बनने की वजह से वह ओवल टेस्ट का हिस्सा नहीं बने. बटलर हालांकि पांचवें टेस्ट के लिए पहले ही टीम कैंप के साथ जुड़ चुके हैं.
वुड की वापसी लगभग तय
इंग्लैंड ने आखिरी टेस्ट के लिए स्पिनर जैक लीच को भी टीम में शामिल किया है. लेकिन लीच के खेलने की संभावना बेहद कम है. जो रूट का कहना है कि फिलहाल मोईन अली टीम के नंबर वन स्पिनर हैं और उन्हें प्लेइंग 11 में प्राथमिकता मिलना तय है.
इसके अलावा तेज गेंदबाजी के फ्रंट पर इंग्लैंड की टीम में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. मार्क वुड अब पूरी तरह से फिट हैं और आखिरी टेस्ट में वह खेलते हुए नज़र आ सकते हैं. वहीं जेम्स एंडरसन और ओली रॉबिंसन का पांचवें टेस्ट में खेलना अब तक तय नहीं है.
