Fri. Jun 12th, 2026

राजस्थान के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट:3 दिन उदयपुर संभाग में हो सकती है 4 इंच बारिश, 2 दिन कोटा में अलर्ट; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

राजस्थान में धीमा पड़ा बारिश का दौर फिर से गति पकड़ेगा। मौसम विभाग जयपुर की मानें तो 9 सितम्बर से अगले 3 दिनों तक उदयपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके लिए बकायदा ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने उदयपुर संभाग के जिलों में 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश की संभावना जताई है।

जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक, उदयपुर, डूंगरपुर, सिरोही, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिलों में 9 से 11 सितम्बर के बीच भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोटा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, झालावाड़, बारां जिलों में भी 10 और 11 सितम्बर से तेज बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून की ट्रफ लाइन भी अपनी सामान्य स्थिति से गुजर रही है। इसके प्रभाव से राज्य के ज्यादातर भागों में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। उदयपुर, कोटा संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा एक और नया लो प्रेशर सिस्टम बंगाल की खाड़ी में 11 सितंबर के आस-पास बनने की संभावना है। इससे अगले सप्ताह में भी बारिश का दौर बना रह सकता है।

हल्की बारिश से मौसम में बढ़ी उमस
इससे पहले बीते 24 घंटे की स्थिति देखें तो प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हुई। इससे मौसम में उमस बढ़ गई। मौसम विभाग और जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट देखे तो उदयपुर, सिरोही, सवाई माधोपुर, प्रतापगढ़, पाली, नागौर, जालौर, चित्तौड़गढ़, बूंदी और झालावाड़ क्षेत्र में कहीं-कहीं बारिश दर्ज हुई। सबसे ज्यादा बारिश हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी में 38MM हुई। इसके अलावा जालौर के रानीवाड़ा में 21, पाली के जवाई बांध में 16, सवाई माधोपुर के बामनवास में 21MM बारिश दर्ज हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed