Sun. Jun 28th, 2026

टी20 वर्ल्ड कप पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की जीत के नायक रहे डेरेल मिचेल कौन हैं?

टी-20 वर्ल्ड कप 2021 का पहला सेमीफाइनल इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अबु धाबी के शेख जाएद स्टेडियम में खेला गया. इस रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया. इस जीत की बदौलत न्यूजीलैंड अब 14 साल में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेलेगा. किवी टीम की इस ऐतिहासिक जीत के नायक रहे हैं डेरेल मिचेल.

मिचेल ने 47 गेदों पर नाबाद 72 रन की पारी खेली. उनकी यह पारी ऐसे समय पर आई जब टीम को इसकी बहुत ज्यादा जरूरत थी. 167 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड ने अपने 2 खास बल्लेबाजों को महज 13 रन के स्कोर पर ही खो दिया था. ऐसे में मिचेल ने कॉनवे और निशम के साथ अहम साझेदारियां कर टीम को यादगार जीत दिलाई. निशम के आउट होने के बाद जब आखिरी 2 ओवर में टीम को 20 रन की दरकार थी तो मिचेल ने एक ही ओवर में 19 रन मारकर टीम को जीत दिला दी.

डेरेल मिचेल के पिता रग्बी कोच रहे हैं
डेरेल जोसेफ मिचेल का जन्म 20 मई 1991 को हेमिल्टन में हुआ. उनके पिता जॉन मिशेल न्यूजीलैंड रग्बी टीम के खिलाड़ी और कोच रहे हैं. डेरेल भी अपने बचपन में रग्बी खेला करते थे, लेकिन जब उनके पिता इंग्लैंड में एक रग्बी क्लब के कोच बने तब उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया. जब वे 16 साल के थे तब उनके पिता ऑस्ट्रेलिया की रग्बी क्लब में कोचिंग देने लगे. यहां भी मिचेल ने अपना क्रिकेट खेलना जारी रखा. धीरे-धीरे उनका क्रिकेट बेहतर होता गया और 2019 में उन्हें अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिला.

मिचेल का टेस्ट और वनडे रिकॉर्ड
मिचेल ने अभी तक 5 टेस्ट मैच खेले हैं. इनमें 58 की औसत से उनके नाम 232 रन दर्ज हैं. उन्होंने टेस्ट में एक शतक भी ठोका है. वहीं उन्होंने अभी तक न्यूजीलैंड की ओर से 3 एकदिवसीय मुकाबले भी खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 114.28 के स्ट्राइक रेट से 112 रन बनाए हैं. यहां भी उनके नाम एक शतक दर्ज है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed