प्रशासन गांवों के संग अभियान:शिविरों में सिंगोडिया में 36, नांद में 39 व लूणा कला में बारह बंटवारे सहित कई कार्यों का मौके पर निस्तारण
बाड़मेर जिले के प्रभारी मंत्री सुखराम विश्नोई ने बुधवार को प्रशासन गांवों के संग अभियान का निरीक्षण किया एवं अंतिम व्यक्ति तक अभियान का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने की हिदायत दी। प्रभारी मंत्री तथा वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री सुखराम विश्नोई ने बुधवार को जिले की कल्याणपुर पंचायत समिति की देवरिया, बायतु पंचायत समिति की सिंगोड़िया एवं शिव पंचायत मुख्यालय पर लगे शिविरों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक मदन प्रजापत, जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी एवं प्रभारी सचिव डॉ. राजेश शर्मा भी मौजूद रहे।
प्रभारी मंत्री विश्नोई ने अभियान में भाग ले रहे सभी 22 विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया एवं वहां पर तैनात विभागीय अधिकारियों से शिविर के कार्यों, लक्ष्यों तथा अब तक की उपलब्धि पर जानकारी ली। उन्होंने यहां आने वाले लोगों को योजनाओं की अधिकतम जानकारी देने को कहा। प्रभारी मंत्री ने सभी शिविरों में हैल्प डेस्क को अधिक प्रभावी बनाने को कहा। साथ ही पंजीयन के पश्चात प्रत्येक परिवादी को उसके काम और संबंधित विभाग की पूरी जानकारी देने को कहा।
इस मौके पर विश्नोई ने लाभार्थियों को पट्टे, सहमति से बंटवारे, नामांतरण, नाम शुद्धिकरण एवं पेंशन तथा पालनहार योजना के पीपीओ, प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृतियों का हाथों हाथ वितरण भी किया। जिला प्रमुख महेंद्र चौधरी ने भी संबोधित किया। शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया ने बताया कि सिंगोड़िया में प्रभारी मंत्री ने 21 लोगों को आवासीय पट्टे बांटे। वहीं 55 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति, 36 बंटवारे किए गए।
पालनहारों को 4 पेंशन ऑर्डर जारी किए गए तो कोरोना से मृत्यु पर एक जने को एक लाख की सहायता दी गई। विधायक मेवाराम जैन ने बाड़मेर पंचायत समिति के नांद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित प्रशासन गांवों के संग शिविर में शिरकत कर लाभ उठाने के लिए जन भागीदारी का आह्वान किया। प्रभारी अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी रोहित चौहान ने बताया कि नांद शिविर में 39 बंटवारे तथा 50 नामांतरण किए गए।
