Mon. Sep 7th, 2026

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा- राहुल गांधी की रैली में उमड़ेगा जन सैलाब

देहरादून। कांग्रेस ने दावा किया कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की गुरुवार को होने जा रही रैली में जन सैलाब उमड़ेगा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार से त्रस्त राज्य की जनता कांग्रेस पर टकटकी लगाए हुए है। यह रैली ऐतिहासिक होगी।

विधानसभा स्थित सभाकक्ष में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य और देश की मौजूदा सरकारों ने जनता को गुमराह कर सत्ता हासिल की है। ये सरकारें लगातार जनहित के खिलाफ फैसले ले रही हैं। राज्य में कोरोना टेस्टिंग में भ्रष्टाचार हुआ। देवस्थानम बोर्ड के फैसले को कांग्रेस के विरोध के बाद सरकार को बदलने को मजबूर होना पड़ा है। भू-कानून के विरोध में जनता संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि रोजगार के आंकड़ों को लेकर राज्य सरकार सच को छिपा रही है। एक साल पहले 10 लाख को रोजगार देने का दावा एक साल बाद ही सात लाख तक सिमट गया। मुख्यमंत्री, श्रम मंत्री और संसदीय कार्यमंत्री के बयानों में विरोधभास सामने आ चुका है

प्रीतम सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस 2022 में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकारों की नीतियों से जनता में रोष है। सरकारी कंपनियों का निजीकरण किया जा रहा है। महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकारी चुप्पी साधे हुए है। पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य में खेल स्टेडियम की हालत खराब हो गई है। उनकी देखरेख नहीं की जा रही है। बगैर शासनादेश जारी किए ही योजनाओं का शिलान्यास कर जनता को बरगलाया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार ने भी विचार रखे

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed