Sun. Sep 6th, 2026

मैनचेस्टर सिटी ने लीड्स युनाइटेड को हराकर लगातार सातवीं जीत दर्ज की

लंदन,  मैनचेस्टर सिटी ने किसी शीर्ष स्ट्राइकर के बिना भी सात गोल दागे और लीड्स युनाइटेड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की। मैनचेस्टर सिटी ने लीड्स युनाइटेड को 7-0 से शिकस्त देकर अपनी लगातार सातवीं जीत दर्ज की और इसी के दम पर अब मैनचेस्टर सिटी इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) फुटबाल प्रतियोगिता में शीर्ष पर अपनी जगह मजबूत करने में कामयाब रही।

केविन डि ब्रून (32वें और 62वें मिनट) ने दो गोल दागे, जबकि फिल फोडेन (आठवें मिनट), जैक ग्रीलिश (13वें मिनट), रियाद महारेज (49वें मिनट), जान स्टोंस (74वें मिनट) और नाथन एके (78वें मिनट) ने एक-एक गोल किया जिससे मौजूदा चैंपियन टीम ने अपने खिताब के बचाव की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। इस जीत से सिटी 17 मैचों में 41 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान की टीम लिवरपूल (16 मैचों में 37 अंक) से चार अंक आगे हो गई है। चेल्सी 36 अंक के साथ तीसरे स्थान पर है

दनादन गोल करने से सिटी ने गोल अंतर भी कम कर दिया है। लिवरपूल का गोल अंतर 33 और सिटी का 31 है। इस बीच, एक अन्य मैच में एस्टन विला ने नार्विक सिटी को 2-0 से हराया। विजेता टीम की तरफ से जैकब रैम्से और ओली वाटकिंस ने गोल किए।

बायर्न ने स्टुटगार्ट को हराया

म्यूनिख, एपी : सर्ज नैब्री की हैट्रिक की मदद से बायर्न म्यूनिख ने स्टुटगार्ट को 5-0 से करारी शिकस्त देकर जर्मन फुटबाल लीग बुंडिशलीगा में अपनी बढ़त नौ अंक पर पहुंचा दी। नैब्री ने 40वें, 53वें और 74वें मिनट में गोल करके हैट्रिक लगाई। उनके अलावा राबर्ट लेवानदोवस्की ने दो गोल (69वें और 72वें मिनट) किए। स्टुटगार्ट ने शुरू में कुछ अच्छे बचाव किए, लेकिन बाद में नैब्री और लेवानदोवस्की के सामने उसकी एक नहीं चली। इस जीत से बायर्न के 16 मैचों में 40 अंक हो गए हैं। डोर्टमंड 15 मैचों में 31 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। अन्य मैचों में मेंज ने हर्था को 4-0 से और कोलिन वोल्फ्सबर्ग को 3-2 से पराजित किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed