गैरी कर्स्टन को दो देशों ने कोच बनने का दिया बंपर ऑफर, क्या आईपीएल में अहमदाबाद से नहीं जुड़ेंगे पूर्व भारतीय कोच?
भारत को 2011 में वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कोच गैरी कर्स्टन के सामने न्यू ईयर पर बंपर है। उन्हें एक या दो नहीं बल्कि तीन टीमों ने कोच बनने का प्रस्ताव दिया है। कुछ दिनों से मीडिया यह खबर चल रही थी कि कर्स्टन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नई टीम अहमदाबाद के कोच बन सकते हैं। अब इस लिस्ट में दो अंतरराष्ट्रीय टीमों का नाम जुड़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गैरी कर्स्टन को क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के अलावा इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने मुख्य टीम का कोच बनने का ऑफर दिया है। इससे पहले अहमदाबाद फ्रैंचाइजी को खरीदने वाली सीवीसी कैपिटल ने कर्स्टन को मुख्य कोच बनाने के लिए प्रयास किया था। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ओपनर बल्लेबाज ने अभी तक कोई करार नहीं किया है। इस बात की संभावना ज्यादा है कि कर्स्टन आईपीएल में कोचिंग देने के लिए राजी हो जाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका कर्स्टन को क्यों बनाना चाहता है कोच?
कर्स्टन की कोचिंग में दक्षिण अफ्रीका की टीम टेस्ट में नंबर-1 बन चुकी है। पिछले कुछ सालों से अफ्रीकी टीम के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी है। बेहतर खिलाड़ी सामने नहीं आ पा रहे हैं। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने टीम को फिर से मजबूत करने के लिए गैरी कर्स्टन से संपर्क किया है।
संकट में इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की बात करें तो उसे इस साल टीम इंडिया के खिलाफ भारत में सीरीज में हार का सामना करना। न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज हारी। घरेलू मैदान पर ही भारतीय टीम के खिलाफ सीरीज में 1-2 से पीछे है। अब ऑस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज में 3-0 की बढ़त बनाकर उसकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड क्रिस सिल्वरवुड की जगह कर्स्टन को कोच बनाना चाहता है।
कर्स्टन की उपलब्धियां
गैरी कर्स्टन ने भारत को 1983 के बाद 2011 में वर्ल्ड कप जीतने में मदद की। टीम इंडिया ने फाइनल में श्रीलंका को हराया था।
कर्स्टन भारत के बाद दक्षिण अफ्रीका के कोच बने थे। उन्होंने अगस्त 2012 में अफ्रीकी टीम को टेस्ट में नंबर-1 बना दिया।
54 साल के कर्स्टन आईपीएल में दिल्ली और बेंगलुरु की टीम को कोचिंग दे चुके हैं। दोनों टीमों ने उनके रहते ठीक-ठाक खेल दिखाया था।
कर्स्टन के पास इंग्लैंड के टूर्नामेंट ‘द हंड्रेड’ में वेल्श फायर की टीम को कोचिंग देने का अनुभव है।
