Sun. May 31st, 2026

पीवी सिंधु, साइना, श्रीकांत और पी कश्यप लखनऊ में दिखाएंगे दम

लखनऊ। भारतीय बैटमिंटन के स्टार खिलाड़ी हाल में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब घर पर होने वाले टूर्नामेंट में दम दिखाने को तैयार हैं। प्रतिष्ठित बैडमिंटन सीरीज और भारत में खेली जाने वाली सैयद मोदी बैडमिंटन टूर्नामेंट की शुरुआत होने जा रही है। अगले साल का आगाज इसी टूर्नामेंट के साथ होगा।

क्रिकेट के बाद अब विश्व बैडमिंटन महासंघ ने भी लखनऊ के खेलप्रेमियों को नए साल पर उपहार दिया है। सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट की मेजबानी एक बार फिर लखनऊ को सौंपी गई है। यह टूर्नामेंट बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में 18 से 23 जनवरी तक होगा। इसमें विदेश में अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर चुके देश के दिग्गज शटलर किदांबी श्रीकांत, साइना नेहवाल, पीवी सिंधु और पी कश्यप जैसे सितारे शामिल होंगे

उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव अरुण कक्कड़ ने बताया कि टूर्नामेंट की तैयारियां चल रही हैं। कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए मुकाबले होंगे। बैडमिंटन अकादमी के मुख्य गेट से लेकर हाल तक सैनिटाइजर और थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की जाएगी। मास्क के बिना किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। खिलाडि़यों को भी कोविड-19 गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। कोरोना के कारण यह टूर्नामेंट पिछले साल रद कर दिया गया था

डेढ़ लाख डालर प्राइजमनी का होगा यह टूर्नामेंट :

सचिव अरुण कक्कड़ ने बताया कि सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय सुपर 300 टूर्नामेंट पहले 12 से 17 अक्टूबर तक लखनऊ में खेला जाना था, लेकिन बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने इसे रद कर दिया था। अब बीडब्ल्यूएफ ने इसे जनवरी में कराने की अनुमति दे दी है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट डेढ़ लाख डालर प्राइजमनी का होगा। कोरोना को देखते हुए इस बार क्वालीफाइंग राउंड नहीं होंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed