आर्थिक सहायता:सिंघनिया स्कूल के शिक्षकों ने स्कूल विकास के लिए 35 हजार रुपए दिए , भामाशाहों को प्रेरित किया
करौली ग्राम पंचायत सिंघनिया के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यालय स्टाफ द्वारा विद्यालय विकास के लिए 35 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई है। प्रधानाचार्य श्याम बिहारी मीना ने बताया कि स्थानीय शाला के विकास हेतु विद्यालय स्टाफ द्वारा आपसी सामंजस्य से 35 हजार रुपए की सहयोग राशि एकत्रित कर अक्षय पेटिका में डाली गई है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि समयसिंह मीना ने कहा कि स्थानीय विद्यालय के स्टाफ की विद्यालय विकास के लिए शुरू की गई पहल बेहद प्रशंसनीय है। इससे अन्य भामाशाहों को भी विद्यालय विकास में सहयोग करने की प्रेरणा मिलेगी। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी विद्यालय स्टाफ द्वारा स्थानीय शाला में राशि एकत्रित कर शौचालय का निर्माण करवाया गया था।
