जमरानी परियोजना के अफसर एडीबी की शर्त और निर्देशों के मुताबिक क्यों तैयार कर रहे हैं प्रस्ताव
हल्द्वानी : एडीबी के निर्देश पर स्विट्जरलैंड से पहुंचे विशेषज्ञों के दल ने मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रस्तावित जमरानी बांध क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरंगों का जायजा लेने के साथ उन नालों का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई गई, जिनके जरिये झीलों और पहाड़ का पानी गौला नदी में पहुंचता है।
जमरानी बांध के लिए 2700 करोड़ रुपये की जरूरत है। यह बजट एशियन डेवलेपमेंट बैंक की तरफ से मुहैया करवाया जाना है। इसलिए जमरानी परियोजना के अफसर एडीबी की शर्त और निर्देशों के मुताबिक ही प्रस्ताव तैयार करने और सर्वे में जुटे हैं।
सोमवार से एडीबी के कहने पर स्विट्जरलैंड से तीन सदस्यीय दल जमरानी क्षेत्र के अध्ययन को पहुंचा है। इसमें इंग्लैड से शामिल विशेषज्ञ क्विंटन शा, फ्रांस के सिल्विलंस और स्पेन के फिलिक्स सीबचर शामिल हैं। बांध की सुरक्षा, भूगर्भीय अध्ययन, पर्यावरण पर पडऩे वाले प्रभाव, निर्माण सामग्री की उपलब्धता आदि बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार होनी है। जिसके बाद मिलने वाले सुझावों को प्रस्ताव में शामिल भी किया जाएगा।
मंगलवार को परियोजना के जीएम प्रशांत बिश्नोई संग टीम ने अलग-अलग जगहों का निरीक्षण किया। भीमताल, नौकुचियाताल और नैनी झील का पानी जिन नालों के जरिये गौला में पहुंचता है, दल वहां भी पहुंचा। इसके बाद अमृतपुर जमरानी कालोनी का निरीक्षण हुआ। इस दौरान तकनीकी, आर्थिकी, सामाजिक समेत प्रस्तावित जमरानी बांध से जुड़े हर पहलू पर चर्चा हुई।
