Sun. Oct 4th, 2026

ढाई हजार से ज्यादा चिकित्सकों की नियुक्ति की: त्रिवेंद्र

हरिद्वार: रानीपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक आदेश चौहान के समर्थन में प्रचार करने आए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सुभाष नगर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने हर घर तक विकास पहुंचाया है। उत्तराखंड में बनने जा रहे तीन मेडिकल कालेज में से एक रानीपुर विधानसभा में खुलने जा रहा है। अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को दूर करते हुए ढाई हजार से ज्यादा चिकित्सकों की नियुक्ति की। सरकारी अस्पतालों में 207 रोगों की नि:शुल्क जांच की व्यवस्था की। हमने देहरादून में एक सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल व हल्द्वानी में सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल दिया है।

रावत ने कहा कि स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें लागू कर गरीब छात्रों को बड़ी राहत देने का काम किया। एक रुपये में पानी का कनेक्शन देने की योजना लागू की गई। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में बड़ा काम करते हुए पत्नी को उसके पति की पैतृक संपत्ति में सह खातेदार बनाया। विधानसभा प्रत्याशी एवं विधायक आदेश चौहान ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्री रहने के दौरान 300 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का लाभ रानीपुर को मिला। ईएसआइ हास्पिटल व जगजीतपुर का मेडिकल कालेज त्रिवेंद्र सिंह रावत की ही देन है। सुभाष नगर, टिहरी विस्थापित, नवोदय नगर व नेहरू नगर में सीवरेज की योजना के लिए जर्मन बैंक से पैसा मुहैया कराना तथा मुझे मदन कौशिक के नेतृत्व में जर्मनी भेज कर योजना को समझने का मौका दिया। कहा कि बजट को महिलाओं व युवाओं को फोकस करके बनाया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के बजट में पर्वतमाला योजना के माध्यम से इस राज्य की सीमांत सड़कों को बड़ा लाभ मिलेगा जो एक पर्वत से दूसरे पर्वत को रोपवे के माध्यम से जोड़कर बनेगी। कहा कि बजट में 20 लाख आंगनबाड़ी महिलाओं को लाभ मिलेगा। आदेश चौहान ने कहा कि पांच साल में ढाई हजार से ज्यादा परिवारों को सरकार के माध्यम से स्वास्थ्य शिक्षा एवं विभिन्न मदों में आर्थिक सहायता दिलवाई गई। इस दौरान विधानसभा संयोजक बृजेश शर्मा, भाजपा नेता काशीनाथ, प्रभारी आशुतोष शर्मा, आशुतोष चक्रपाणि, नागेंद्र राणा, आलोक चौहान, मंजू नोटियाल, डा. सिद्धार्थ चक्रपाणि, सभासद राधेश्याम कुशवाहा, राधेश्याम पाल, पवनदीप, रमेश पाठक, राजेंद्र कुशवाहा, उमेश पाठक, राजीव शर्मा, आत्मा सिंह, कुलवंत चड्ढा, दीपक नेगी, उज्जवल त्रिपाठी, पवन चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed