Tue. Nov 24th, 2026

एनआइटी के विकास में एल्युमिनाई बनेंगे सहयोगी

श्रीनगर गढ़वाल: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड श्रीनगर (एनआइटी) का एल्युमिनाई समारोह रविवार को आयोजित किया गया। आनलाइन हुए इस समारोह में एनआइटी के 200 से अधिक एल्युमिनाई (पूर्व छात्र) जुड़े, जो देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों और कंपनियों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं।

एनआइटी के बोर्ड आफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डा. आरके त्यागी और एनआइटी श्रीनगर के निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर एल्युमिनाई सम्मेलन का उद्घाटन किया। एनआइटी संस्थान के अध्यक्ष डा. आरके त्यागी ने संस्थान के निदेशक प्रो. अवस्थी के दिशा निर्देशन में एनआइटी के तेजी से हो रहे विकास और संस्थान के छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि एनआइटी श्रीनगर देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान बनेगा। निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन को संस्थान ही नहीं वरन उत्तराखंड के भी व्यापक हित में बताते हुए डा. त्यागी ने कहा कि आगामी कुछ समय में ही यह संस्थान देश के शीर्ष संस्थानों में अपनी जगह भी बना लेगा।

एनआइटी निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने एल्युमिनाई का आह्वान करते हुए कहा कि अपने अनुभवों और संपर्कों से एल्युमिनाई एनआइटी के विकास में सहयोगी बनें। संस्थान के छात्रों के लिए उनका मार्गदर्शन भी बहुत लाभकारी है। प्रो. अवस्थी के आह्वान को हाथोंहाथ लेते हुए एल्युमिनाई की ओर से संस्थान के विकास में हर कदम पर सहयोगी बनने की भी बात कही गई। निदेशक प्रो. अवस्थी ने कहा कि एनआइटी की फैकल्टियों और छात्रों के सहयोग से हम शीघ्र ही देश के सर्वोच्च संस्थानों में शामिल होंगे। पूर्व छात्रों को संस्थान के लिए पथ प्रदर्शक बताते हुए निदेशक प्रो. अवस्थी ने देश-विदेश में रह रहे एनआइटी के एल्युमिनाई से अपने छात्र जीवन और बतौर फैकल्टी मिले अनुभवों को भी साझा किया। एनआइटी श्रीनगर में हो रहे उत्कृष्ट शोध कार्यों की चर्चा करते हुए प्रो. अवस्थी ने कहा कि विभिन्न बहुद्देश्यीय कंपनियों और गेट, केट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी एनआइटी के छात्र परचम लहरा रहे हैं।

एनआइटी के कुलसचिव डा. प्रभाकरमणि काला ने कहा कि किसी भी संस्थान के विकास में एल्युमिनाई का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण होता है। एल्युमिनाई का अनुभव वर्तमान छात्रों के लिए प्रेरणा का कार्य भी करता है। संस्थान की ओर से डा. काला ने सभी एल्युमिनाई का स्वागत किया।

आनलाइन सम्मेलन में एनआइटी एल्युमिनाई की कोआर्डिनेटर डा. सारिका पाल ने प्रगति रिपोर्ट रखी। आनलाइन समारोह में डा. एसके तड़ेपल्ली, डा. हरिहरन, डा. लालता प्रसाद, डा. जीएस बरार, डा. कृष्ण कुमार, डा. शशि नारायण, डा. सूर्य नारायण गंगोलू, नितांशु चौहान, डा. गौरव कुमार आदि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed