Mon. May 25th, 2026

एफआइएच प्रो लीग : हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक, भारतीय हाकी पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 4-3 से हराया

भुवनेश्वर,  भारतीय हाकी टीम ने एफआइएच प्रो लीग के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ एक कड़े मुकाबले में जीत हासिल की। टीम इंडिया ने कांटे की टक्कर वाले मैच में इंग्लैंड पर 4-3 से जीत हासिल करने में कामयाबी पाई। भारत के ड्रैगफ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने इस मैच में हैट्रिक गोल दागा। इस मुकाबले में उन्होंने अपने गोल का शतक भी पूरा कर लिया।

रविवार को एफआइएच प्रो लीग में भारत का सामना ताकतवर इंग्लैंड के साथ हुआ। यहां भारतीय टीम ने विरोधी टीम पर हर वक्त पकड़ बनाए रखी और आखिर में टीम को जीत मिली। मैच में सबसे भारत की तरफ से सबसे ज्यादा तीन गोल हरमनप्रीत ने किए जबकि मनप्रीत सिंह के एक गोल किया। इन दोनों के गोल की मदद से भारतीय पुरुष हाकी टीम ने प्रो लीग के दूसरे मैच में इंग्लैंड पर 4-3 से जीत दर्ज की।

मैच में पहला गोल इंग्लैंड की तरफ से किया गया था जब सातवें मिनट में लियाम सैनफोर्ड ने गोल को भारतीय गोलपोस्ट में दागा। 1-0 की बढ़त के साथ खेल रही इंग्लैंड को 15वें मिनट में पहला गोल खाना पड़ा जब मनप्रीत ने गोल दागकर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम दबदबा बनाया और हरमनप्रीत ने एक के बाद एक तीन गोल दागे।

हरमनप्रीत ने (26वें, 26वें और 43वें मिनट) तथा मनप्रीत ने 15वें मिनट में गोल कर भारत को तालिका में शीर्ष पर अपनी बढ़त बढ़ाने में मदद की। इंग्लैंड के लिए लियाम सैनफोर्ड (सातवें), डेविड कोंडन (39वें) और सैम वार्ड (44वें मिनट) ने गोल दागे। भारत ने मैच में आठ पेनाल्टी कार्नर में से चार को गोल में बदला, जबकि इंग्लैंड ने छह शार्ट कार्नर में से तीन पर गोल किए। इस जीत से भारत 10 मैचों में 21 अंक लेकर शीर्ष पर काबिज है, जबकि इंग्लैंड छह मैचों में सात अंक से सातवें स्थान पर बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *