कोटद्वार के विकास का रोडमैप तैयार करें अधिकारी : ऋतु
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण खंडूड़ी ने विभागीय अधिकारियों से कोटद्वार के विकास का रोडमैप तैयार कर लंबित योजनाओं को बेहतर गुणवत्ता व समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, सीवर व्यवस्थाओं का दुरुस्त होना आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र की टूटी सड़कों की मरम्मत करने व घर-घर तक पेयजल आपूर्ति एवं विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए। कहा कि क्षेत्र के विकास में किसी भी जरूरी योजना के लिए विभाग के अधिकारियों की पूरी मदद की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृत कराए जाने को लेकर लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता, शहरी विकास के सचिव व सिचाई विभाग के प्रमुख अभियंता से दूरभाष पर वार्ता भी की। विधानसभा अध्यक्ष ने नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी को अतिक्रमण के मुद्दे पर आमजन को बेवजह परेशान न करने के भी निर्देश दिए। कहा कि पंद्रह दिनों के भीतर वे पुन: अधिकारियों की बैठक लेंगी व विकास के रोडमैप पर चर्चा करेंगी
इस अवसर पर सिचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार उपाध्याय, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता मोहित डबराल, सिचाई विभाग के सहायक अभियंता केके राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संदेश : 2 कोटपी 4
कोटद्वार में विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेतीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण।
