Fri. Oct 2nd, 2026

जल जीवन मिशन में 12 करोड़ से अधिक की 139 योजनाओं की डीपीआर स्वीकृत

अल्मोड़ा। डीएम वंदना सिंह ने बुधवार को जल जीवन मिशन की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। जिसमें बताया गया कि जिला स्तरीय समिति की ओर से 12 करोड़ 62 लाख 43 हजार रुपये की लागत की कुल139 योजनाओं की डीपीआर स्वीकृत हुई हैं। डीपीआर स्वीकृत होने से 343 राजस्व गांवों को इसका लाभ मिलेगा।

सिंचाई, पेयजल, जल संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक कुल 1311 योजनाओं की डीपीआर जिला स्तर पर स्वीकृत की गयी थी। जिसमें से कार्यदायी संस्थाओं ने कुल 1304 योजनाओं में टेंडरिंग प्रक्रिया पूर्ण कर काम शुरू कर दिया है। इसमें से अभी तक 40 करोड़ 92 लाख रुपये लागत की कुल 391 योजनायें पूरी हो गयी है। जिले में कुल एक लाख 31 हजार 238 घरों को पेयजल से आच्छादित करने का लक्ष्य था। जिसके सापेक्ष 67 हजार 36 घरों में काम पूरा हो गया है। डीएम ने तृतीय पक्ष द्वारा कराये जा रहे परीक्षण की भी समीक्षा की। जिसमें उन्हें बताया गया कि अभी तक 400 योजनाओं का तृतीय पक्ष संस्था द्वारा परीक्षण कर लिया गया है। 366 की एटीआर (एक्शन टेकन रिर्पोट) संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को उपलब्ध करा दी गयी है। डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये कि एटीआर रिर्पोट के अनुसार कार्यवाही करते हुए 15 मई तक ठेकेदारों को भुगतान कर दिया जाए। उन्होंने पेयजल विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि अगर किसी कारणवश जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल संयोजन नहीं है या पानी नहीं आ रहा है तो शिक्षा एवं बाल विकास विभाग के साथ निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित करायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed