Wed. Sep 30th, 2026

पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ होगी कार्रवाई: पुंडीर

विधायक सहदेव पुंडीर ने शुक्रवार को सुद्धोवाला स्थित कैंप कार्यालय में सहसपुर विधान सभा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जनता की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जरूरी निर्देश दिए। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी लंबित मार्ग निर्माण कार्यों को बरसात से पहले पूरा किए जाने के निर्देश दिए। विधायक ने स्वीकृत कार्यों की टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाकर अधूरे विकास कार्यों को नियत समय पर पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। गर्मी में पेयजल किल्लत से निजात दिलाने के लिए उन्होंने जल संस्थान अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि गांवों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से गांवों में आपूर्ति की जानी चाहिए। ऊर्जा निगम अधिकारियों को विधायक ने पूरे क्षेत्र का दौरा कर लो वोल्टेज, झूलती तारों की समस्या से जनता को निजात दिलाने के निर्देश दिए। दवानल से निपटने के लिए उन्होंने वन विभाग अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन रखने और जंगलों तक टैंकर से पानी पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिससे समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को देने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *