Mon. Nov 23rd, 2026

तहसील दिवस में 64 शिकायतें दर्ज, 22 का निस्तारण

रुद्रप्रयाग: तहसील रुद्रप्रयाग के चोपता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें दर्ज कुल 64 शिकायतों में से 22 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। वहीं तहसील दिवस में पहुंची क्षेत्रीय विधायक शैलारानी रावत ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों के निस्तारण करने के निर्देश दिए।

राइंका चोपता में अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। लोदला के ग्रामीणों ने रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटरमार्ग के बर्सिल तोक से लोदला तक मोटर मार्ग निर्माण की मांग की। चमस्वाड़ा की शकुंतला देवी ने आवासीय भवन के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए गड़सारी के ग्रामीणों ने सन बैंड-बज्यूण मोटर मार्ग से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन व पैदल मार्ग की मरम्मत कार्य करवाने की मांग की। क्यूड़ी के पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह नेगी ने खड़पतियाखाल मोटर मार्ग पर कार्रवाई की मांग की।

क्षेत्रीय विधायक शैलारानी रावत ने कहा कि जो भी शिकायतें एवं समस्याएं क्षेत्रीय जनता की ओर से दर्ज कराई गई हैं, उन समस्याओं का निस्तारण शीघ्र किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से सरकार की जन कल्याणकारी एवं रोजगार परक योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने का आह्वान किया। अपर जिलाधिकारी दीपेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही न बरती जाए। योजनाओं का निरीक्षण कर शीर्ष प्राथमिकता से उन पर कार्रवाई की जाए। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक रमेश चंद्र, मुख्य कृषि अधिकारी दीपक पुरोहित, जिला पंचायत राज अधिकारी आरएस असवाल, तहसीलदार मंजू राजपूत, सेवायोजन अधिकारी कपिल पांडेय, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, वीपीडीओ रजनी गुसाई, राजेश आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *