Wed. Nov 18th, 2026

भगत भंडारी जिलाध्यक्ष, मुकेश काला बने महामंत्री

पौड़ी: राजकीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक पौड़ी के जनपदीय अधिवेशन में नई जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संघ के प्रदेश अध्यक्ष रघुवीर सिंह पुंडीर ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। अधिवेशन का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया।

संस्कृति भवन के प्रेक्षागृह में आयोजित अधिवेशन में संघ की जनपद पौड़ी की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव अधिकारी विमल चंद्र बहुगुणा की निगरानी में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान भगत सिंह भंडारी को निर्विरोध जिलाध्यक्ष व मुकेश काला को जिला महामंत्री चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष भोपाल सिंह रावत, कोषाध्यक्ष पवन देवलियाल, वरिष्ठ संयुक्त मंत्री विपिन रांगड़ को मनोनीत किया गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष भगत सिंह भंडारी ने कहा कि संघ लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में पीजीटी, टीजीटी व पीआरटी की त्रि-स्तरीय व्यवस्था को लागू करने की मांग कर रहा है। कहा कि जीपीएफ प्रकरणों का निस्तारण ब्लाक स्तर पर करने, वेतन विसंगतियों को दूर करने, सुगम-दुर्गम के निर्धारण सहित नौ सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग की है। डा. धन सिंह रावत ने कहा कि 56 शिक्षकों का शिक्षण कार्य करते हुए वीडियो तैयार की गई है। प्रदेश में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को जल्द ही समारोह आयोजित कर प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रवक्ता के पदों पर नियुक्तियां होने तक अतिथि शिक्षको को तैनाती की जाएगी। सहायक अध्यापको की कमी को दूर करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। कहा कि बच्चों को इच्छानुसार गढ़वाली, कुमाऊंनी व जौनसारी जैसी लोकभाषा के अध्ययन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में एक जुलाई से राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हो जाएगी। डा. रावत कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य होगा।

स मौके पर क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी, नगर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा महावीर सिंह बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी डा. आनन्द भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, प्रताप राणा, कैलाश पंवार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *