Sat. Nov 21st, 2026

टिहरी जिला पंचायत के एएमए को उत्तरकाशी जिपं का अतिरिक्त चार्ज दिया

यमुनोत्री धाम और निकटवर्ती यात्रा पड़ाव में घोड़ा, डंडी-कंडी, शौचालय, स्वच्छता से लेकर अधिकांश जिम्मेदारियां जिला पंचायत के पास है। लेकिन, लंबे समय से जिला पंचायत की स्थिति ढुलमुल चल रही है। जिसके कारण व्यवस्था सुधार में जिला प्रशासन सीधे दखल नहीं दे पा रहा है। इसका खामियाजा यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थ यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। इसके बाद टिहरी जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी (एएमए) संजय खंडूड़ी को उत्तरकाशी जिला पंचायत का अतिरिक्त चार्ज दिया। इसके बाद अपर मुख्य अधिकारी संजय खंडूड़ी उत्तरकाशी पहुंचे।

उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण गत 28 अप्रैल से अस्वस्थ चल रहे हैं और जिला पंचायत में स्थायी अपर मुख्य अधिकारी की तैनाती तक नहीं है। इसका सीधा असर यात्रा व्यवस्था पर पड़ा रहा है। यमुनोत्री यात्रा संचालन का जिम्मा जिला पंचायत ने एक ठेकेदार को दिया है। ठेकेदार के पास केवल जिला पंचायत का टैक्स वसूलने के अलावा कोई जिम्मेदारी नहीं है। इसी कारण जानकी चट्टी और यमुनोत्री धाम में घोड़ा, डंडी-कंडी संचालकों की किराये को लेकर मनमानी, घोड़ा-खच्चर के लिए पार्किंग की सही व्यवस्था न होना। इसके अलावा घोड़ा-खच्चरों का बीमा, चारा व पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। जिला प्रशासन ने भी इन व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए प्रयास किए, लेकिन, प्रभावी रूप से सुधार नहीं आया तो जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने शासन से इस संबंध में बात की। इसके बाद तीन दिन पहले अध्यक्ष की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष को दी गई। साथ ही शुक्रवार को शासन ने टिहरी जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी संजय खंडूड़ी को उत्तरकाशी जिला पंचायत का अतिरिक्त चार्ज दिया। इसके बाद अपर मुख्य अधिकारी संजय खंडूड़ी उत्तरकाशी पहुंचे। जिला पंचायत में स्थायी व अनुभवी अपर मुख्य अधिकारी न होने के कारण यात्रा संचालन को बेहतर बनाने में दिक्कतें आ रही थी। टिहरी के अपर मुख्य अधिकारी को उत्तरकाशी जिला पंचायत का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।

-अभिषेक रूहेला, जिलाधिकारी उत्तरकाशी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *