रोजगार से जोड़ें सौर उर्जा को: नेगी
प्रताप नगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने ऊर्जा सचिव मीनाक्षी सुंदरम से देहरादून सचिवालय में मुलाकात की। उन्होंने सचिव से सौर ऊर्जा को स्वरोजगार के जोड़ने के साथ ही युवाओं को इसके लिए प्रेरित करने की योजना बनाने की बात कही। कहा कि सौर उर्जा पर अधिकाधिक निर्भरता बढ़ाई जाय। जिसे लेकर मीडीया से कहा कि सरकार को इस ओर विशेष ध्यान देकर बढ़ावा देना चाहिए। आज प्रदेश बिजली संकट से जूझ रहा है और महंगे दामों पर बिजली खरीदनी पड़ रही है। जिससे प्रदेश के ऊर्जा प्रदेश की छवि खराब हो रही है। सौर ऊर्जा से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा सकता है। कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कार्य कर रहे प्रदेश के युवा जिनका अक्टूबर माह से सब्सिडी का पैसा व बिजली का भुगतान बकाया है, समय पर भुगतान न होने से उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। प्रदेश में बेरोजगारी विकराल रूप ले चुकी है। ऐसे में सौर ऊर्जा बेहतर विकल्प हो सकता है। इस पर कारगर कदम उठाने की आवश्यकता है। इससे बेरोजगारी व पलायन पर रोक लग सकती है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जोशी, अक्षय ऊर्जा एसोसिएशन के सचिव मनीष कठैत मौजूद रहे।
