निबंध में करिश्मा और कविता पोस्टर में कंचन रहे प्रथम
फूल सिंह बिष्ट राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में हिंदी विभाग की ओर से कार्यक्रम व विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
राजकीय महाविद्यालय लंबगांव में आयोजित कार्यक्रम व विभिन्न प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्येंद्र कुमार पांडे ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने कहा कि हिंदी विभाग की परिषद भाषिकी का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में भाषाओं की आपसी साझेदारीयों को लेकर एक समझ विकसित करना है। कार्यक्रम संचालक हिंदी विभाग के प्रभारी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि भाषा किसी भी सभ्य समाज की अनिवार्य शर्त है। हिंदी भाषा देश-दुनिया और समाज को आपस में जोड़ने के लिए बेहद सशक्त और सार्थक माध्यम है। इस मौके पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में करिश्मा रांगड़, कु. मकानी, सुशीला पंवार, कविता पोस्टर प्रतियोगिता में कंचन रांगड़, मकानी ने क्रमश प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में डॉ. शुभम उनियाल, मयनी चौधरी, अनुकृति बडोला, भरत सिंह चुफाल, डॉ. मयंक, डॉ. रविंद्र लाल शाह, डॉ. अब्दुल वहाब, डॉ.अनुज रावत आदि मौजूद रहे।
