Wed. Jun 17th, 2026

लगातार दूसरी जीत से विश्वनाथन आनंद ने बढ़त बनाई, वेसलीन टोपालोव को हराया

स्टावेंजर,  भारतीय ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद ने नार्वे शतरंज टूर्नामेंट में बुल्गारिया के वेसलीन टोपालोव को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। 52 वर्ष के आनंद ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 36 चालों में हराया।अब आनंद छह अंक लेकर शीर्ष पर हैं। पांच बार के विश्व चैंपियन ने क्लासिकल वर्ग के पहले दौर में फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर लाग्रेव को हराया था। वह इससे पहले ब्लिट्ज वर्ग में चौथे स्थान पर रहे थे। आनंद अब विश्व लाइव रेटिंग सूची में नौंवें स्थान पर आ गए हैं।

ब्लिट्ज टूर्नामेंट जीतने वाले अमेरिका के वेसली सो ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को आर्मागेडोन (सडन डैथ) में हराया और अब वह दूसरे स्थान पर हैं। कार्लसन और सो का मुकाबला 38 चाल के बाद ड्रा रहा था। दूसरे दौर के अन्य मुकाबलों में वाचियेर लाग्रेव ने शखरियार मामेदियारोव को आर्मागेडोन में हराया, जबकि तैमूर राजाबोव ने नार्वे के ग्रैंडमास्टर आर्यन तारी को मात दी। नीदरलैंड्स के अनीश गिरी और वांग हाओ ने आर्मागेडोन मुकाबला भी ड्रा खेला। क्लासिकल वर्ग में ड्रा की स्थिति में आर्मागेडोन मुकाबला खेला जाता है।

वेंकटेश को हराकर शीर्ष पर पेइचाद्जे

जार्जिया के ग्रैंडमास्टर लुका पेइचाद्जे गुरुवार को यहां चौथे दौर में भारतीय ग्रैंडमास्टर एमआर वेंकटेश को हराकर पहले महाराष्ट्र अंतरराष्ट्रीय ओपन ग्रैंडमास्टर शतरंज टूर्नामेंट के शीर्ष पर पहुंच गए।पेइचाद्जे के चार दौर के बाद चार अंक हैं। दूसरे वरीय पेइचाद्जे 43 चाल में मिली जीत की बदौलत आधा अंक की बढ़त बनाने में सफल रहे। ग्रैंडमास्टर बोरिस सेवचेंको और आठ भारतीय सहित कुल 11 खिलाड़ी साढ़े तीन अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। तीसरे वरीय भारतीय ग्रैंडमास्टर एमआर ललित बाबू भी संयुक्त दूसरे स्थान पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed