अस्थायी कैंपस निर्माण कार्य में तेजी लाएं
श्रीनगर गढ़वाल: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान उत्तराखंड श्रीनगर के बोर्ड आफ गवर्नर (बीओजी) के चेयरमैन डा. आरके त्यागी ने शुक्रवार को श्रीनगर में एनआइटी संस्थान के अस्थायी कैंपस में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कार्यों की गति धीमी होने पर निर्माणदायी संस्था के अभियंताओं से तेजी लाने के निर्देश दिए।
निर्माणदायी संस्था के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक में डा. त्यागी ने कहा कि शैक्षिक सत्र शुरू होने को ध्यान में रख निर्माण कार्यों को अतिशीघ्र पूरा करें। सुमाड़ी में बीओजी चेयरमैन डा. आरके त्यागी ने कहा कि एनआइटी का सुमाड़ी कैंपस देश का सबसे सुंदर कैंपस भी होगा। इस अवसर पर एनआइटी निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को लेकर इस वर्ष संस्थान परिसर में विभिन्न प्रजाति के 500 से अधिक पौधों को रोपित करने का लक्ष्य लेकर कार्ययोजना अमल में लायी जा रही है। इससे पूर्व डा. त्यागी ने अमृत महोत्सव को लेकर श्रीनगर संस्थान परिसर में पौधारोपण भी किया
एनआइटी उत्तराखंड श्रीनगर के बीओजी चेयरमैन डा. आरके त्यागी ने श्रीनगर के संस्थान सभागार में निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी, कुलसचिव डा. प्रभाकरमणि काला के साथ ही सभी विभागाध्यक्षों, संकाय अध्यक्षों और फैकल्टियों के साथ बैठक भी की। इस अवसर पर डा. त्यागी ने सभी फैकल्टियों से कहा कि वह अपनी-अपनी शाखा में छह-छह छात्रों का चयन कर उनके बेहतर और उज्ज्वल भविष्य को आकार देने के लिए व्यक्तिगत रूप से उनका मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी लें। उन्होंने संकाय सदस्यों का आह्वान करते हुए कहा कि वह भी अपने छात्र के लिए रोल माडल बने। तकनीकी और प्रगति की प्रतिस्पद्र्धा में आगे बने रहने के लिए फैकल्टियों से हर समय अपडेट बने रहने का आह्वान भी किया। एनआइटी निदेशक प्रो. ललित अवस्थी के किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए डा. त्यागी ने कहा कि प्रो. अवस्थी अपनी अनूठी कार्यशैली को लेकर देश के प्रौद्योगिकी और तकनीकी संस्थानों में विख्यात भी हैं। प्रो. अवस्थी ने संस्थान की शैक्षणिक और शोध उपलब्धियों के बारे में भी चेयरमैन डा. त्यागी को विस्तार से अवगत कराया। कुलसचिव डा. प्रभाकरमणि काला ने संस्थान में हो रहे निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ ही प्रस्तावित सुमाड़ी कैंपस को लेकर भी जानकारियां दीं।
