Thu. Nov 26th, 2026

निरीक्षण को पहुंचे अधिकारियों को विरोध का करना पड़ा सामना

लंढौरा : गाधारोणा गांव में नाले का निरीक्षण करने पहुंचे लोक निर्माण विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नाला निर्माण में घटिया सामग्री लगाई जा रही थी, जिसके चलते छह माह पहले उन्होंने विरोध कर नाले का निर्माण रुकवा दिया था। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निर्माण की गुणवत्ता में किसी तरह की लापरवाही नहीं होगी। जिस पर ग्रामीण शांत हुए।

गाधारोणा में वर्ष 2021 में राज्य योजना के अंतर्गत 44 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण शुरू किया गया था। कुछ दूरी तक नाले का निर्माण करने के बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य बंद कर दिया था। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार, जेई सुधीर कुमार ने राजस्व टीम के साथ उस जगह का निरीक्षण किया जहां पर नाले का निर्माण होना है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने हंगामा कर अधिकारियों को बताया कि करीब सवा सौ मीटर नाले का निर्माण कराया गया है। इसमें घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने से नाला कई जगह से टूटने लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले का निर्माण छह माह से अधिक समय से बंद पड़ा हुआ है। ईश्वर गिरी का कहना है कि उसके मकान के पीछे की करीब तीस फीट लंबी दीवार गिर गई है। इन सभी मामलों को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा काटा। अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार ने ग्रामीणों को शांत करते हुए कहा कि जल्द नाले का निर्माण कराया जाएगा। घटिया सामग्री का इस्तेमाल मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाने की बात कही। इस मौके पर ईश्वर गिरी, ऋषिपाल, चंद्रपाल, नरेश, रवि गिरी, प्रेम गिरी, अरविंद गिरी, नितिन, रियाजुल राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed