Mon. Apr 27th, 2026

मयंक जैन बने रोटरी दून विकास के अध्यक्ष

रोटरी दून विकास का अधिष्ठापन समारोह नगर के एक होटल में संपन्न हुआ। समारोह में नए अध्यक्ष समेत अन्य सभी पदाधिकारियों को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कराया गया। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

रोटरी दून विकास के अधिष्ठापन समारोह की शुरुआत शनिवार रात को होटल में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष मयंक जैन ने नव नियुक्त अध्यक्ष संजीव राणा को कॉलर और चार्टर प्रदान किया। मुख्य अतिथि क्लब के मंडलाध्यक्ष वेद प्रकाश कलटा ने कहा विश्व स्तर की अग्रणी सामाजिक संस्था होने के नाते समाज को इस संस्था से बहुत अपेक्षाएं रहती हैं। लिहाजा संस्था से जुड़े सभी लोगों को समर्पित भाव से जन सेवा कर लोगों के विश्वास को बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं का पहला दायित्व हर जरूरतमंद की सहायता करना होता है। इसके लिए संस्था से जुड़े लोगों को कभी कभार खुद के संसाधनों का भी उपयोग करना पड़ता है, जिसके हम सभी को तैयार रहना चाहिए। कहा, इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि समाज सेवा हमेशा बिना भेदभाव के की जाती है। नव नियुक्त अध्यक्ष ने संस्था की ओर से साल भर किए जाने वाले सामाजिक कार्यों की जानकारी मुहैया कराने के साथ ही अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि क्लब की ओर से महिला सशक्तीकरण, सड़क सुरक्षा अभियान, नेत्र एवं अंगदान, रक्तदान, वर्षा जल संग्रहण, पौधरोपण अभियान चलाने के साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। समारोह के दौरान छात्र राघव साहनी को दसवीं की परीक्षा में 92.2 प्रतिशत अंक, हर्ष गुप्ता को बारहवीं की परीक्षा में 95.2 प्रतिशत और शिवांश साहू को दसवीं की परीक्षा में 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर स्मृति चिन्ह और पौधा देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए सुरेंद्र सिंह तोमर को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान सुरेश रावत, संजय अग्रवाल, दीपक मित्तल, विकास जैन, अरुण शर्मा, तरुण अरोड़ा, सतीश जायसवाल, राजीव चावला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *