कमल सिंह संरक्षक और मनमोहन बने संयुक्त मंत्री
राजकीय शिक्षक संघ देवप्रयाग की ब्लॉक कार्यकारणी और क्षेत्र के समस्त विद्यालय शाखाओं के अध्यक्ष व मंत्रियों की हिंडोलाखाल में बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यकारणी का विस्तार के साथ ही शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गये।
शिक्षक संघ देवप्रयाग के ब्लॉक अध्यक्ष दयासागर उनियाल की अध्यक्षता में संरक्षक पद पर कलम सिंह गुसाईं को चयनित किया गया,संयुक्त मंत्री पद पर मनमोहन भट्ट, कोषाध्यक्ष सुनील दत्त भट्ट, जितेंद्र सिंह बिष्ट को मीडिया प्रभारी बनाया गया। बैठक में ब्लॉक मंत्री धनवीर रमोला ने विभिन्न प्रस्ताव रखे। बैठक में विद्यालयों में प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के रिक्त पद भरे जाने, एलटी से प्रवक्ता पद पर पदोन्नति किए जाने, विद्यालयों में लिपिक वर्ग की नियुक्ति कर शिक्षकों को उक्त कार्य से मुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में दोहरी नीति से पैदा असमंजस की स्थिति समाप्त करने, पुरानी पेंशन बहाल किए जाने,गोल्डन कार्ड में व्याप्त विसंगतियों को दूर कर सुलभ और सरल चैनल विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। कोविड काल के ईएल प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, बीइओ कार्यालय से सूचनाओं का अदान प्रदान उचित ढ़ंग से किए जाने, स्थानांतरण एक्ट में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने आदि के प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में आय व्यय निरीक्षक भगवान सिंह डोटियाल , महिला उपाध्यक्ष यशोदा जोशी , संयुक्त मंत्री शीतल डोभाल , बलवंत सिंह, पूजा चौहान, बृजेश भट्ट आदि उपस्थित थे।
