स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर जांचें करेंगी
जन आरोग्य अभियान स्वस्थ जीवन की ओर एक कदम के तहत आम लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर की टीम घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेगी। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर, कैंसर समेत अन्य गंभीर बीमारी की जांच की जाएगी। मोतियाबिंद ऑपरेशन, नेत्रदान अभियान के बारे में जागरूक करने के साथ ही आयुष्मान कार्ड और डिजिटल हेल्थ आईडी, टीबी रोग व तंबाकू से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
जूनियर हाईस्कूल खुर्पाताल में गुरुवार को जन आरोग्य अभियान का शुभारंभ किया गया। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण कुमार टम्टा ने बताया कि हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) अपने-अपने क्षेत्रों के समस्त गांवों में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग, आईसीडीएस विभाग आदि से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। सीएमओ डॉ. भागीरथी जोशी ने बताया कि जिले के अंतर्गत जन आरोग्य अभियान एक कदम स्वस्थ जीवन की ओर का आयोजन 8 सितंबर से 7 अक्तूबर तक किया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रोस्टर के अनुसार अभियान को सफल बनाएं। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मनोज जोशी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन तिवारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन मेहरा, सरयू नंदन जोशी, दीवान बिष्ट, हेम जलाल, हरेंद्र कठायत, देवेंद्र, सुरेंद्र, स्वतिशील गुरुरानी आदि रहे। कार्यक्रम का संचालन मदन मेहरा ने किया।
