हिमांशु कुमार ने विपुल को हराकर जीती जगाती स्नूकर प्रतियोगिता
रानीखेत (अल्मोड़ा)। सोबन सिंह बिष्ट और अन्नपूर्णा देवी की स्मृति में जगाती बिल्डिंग में स्नूकर प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में 47 खिलाड़ियों में प्रतिभाग किया। हिमांशु कुमार ने विपुल पवार को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने प्राइजमनी के साथ आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए।
फाइनल में हिमांशु कुमार और विपुल पवार आमने सामने थे, हिमांशु ने विपुल को 4-2 से हराया। विजेता और उपविजेता को क्रमश: 10 हजार और पांच हजार रुपये और ट्राफी दी गईं।
जगाती बिल्डर्स के आशुतोष साह और उमेश बिष्ट ने आयोजन को सहयोग प्रदान किया। वहां पर आयोजक जीतन जयाल, महेंद्र सिंह बिष्ट, कुलदीप कुमार, यतीश रौतेला, हरीश मनराल, भुवन साह, ललित सिंह बिष्ट, पंकज जोशी आदि थे।
