Tue. Nov 24th, 2026

FIFA World Cup: पांच बार की चैंपियन ब्राजील की टीम घोषित, 39 साल के एल्वेस को जगह देकर बनाया अनोखा रिकॉर्ड

ब्राजील ने आगामी फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए 26 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। पांच बार की चैंपियन टीम ने दल में 39 वर्षीय डिफेंडर दानी एल्वेस को भी चुना है। वहीं, इंग्लैंड के क्लब लिवरपूल की ओर से खेलने वाले स्ट्राइकर रोबर्टो फिर्मिनो को बाहर रखा गया है। ब्राजील के कोच टिटे ने  टीम की घोषणा की।

एल्वेस वर्ल्ड कप टीम में चुने जाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व डिफेंडर डालमा सांतोस का रिकॉर्ड तोड़ा। सांतोस जब 1966 में वर्ल्ड कप के लिए चुने गए थे तब उनकी उम्र 37 साल थी। ब्राजील 2002 के बाद से वर्ल्ड कप नहीं जीत पाया है। दानी एल्वेस ने अपने करियर में 44 ट्रॉफी जीते हैं। वह वर्ल्ड कप को भी अपनी झोली में डालना चाहेंगे। स्पेन के क्लब बार्सिलोना के लिए लंबे समय तक खेलने वाले एल्वेस फिलहाल मैक्सिको के क्लब प्यूमास की ओर से खेलते हैं। इस सीजन में वह टीम के लिए 12 मैच खेल चुके हैं।

खराब फॉर्म में फिर्मिनो
टीम में नहीं चुने जाने वाले रोबर्टो फिर्मिनो इस सीजन में खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। उन्होंने लिवरपूल के लिए 12 प्रीमियर लीग मैचों में सिर्फ छह गोल किए हैं। उन्हें पिछली बार ब्राजील के लिए खेलने के लिए सितंबर में चुना गया था। फिर्मिनो के ऊपर आर्सेनल की ओर से खेलने वाले गेब्रियल जेसुस और गेब्रियल मार्टिनेली को तरजीह दी गई है। फिर्मिनो के अलावा एस्टन विला के स्ट्राइकर फिलिप कुटिन्हो को भी नहीं चुना गया है। वह पिछले हफ्ते चोटिल हो गए थे।
नेमार, रिचार्लसन और विनीसियस की खतरनाक तिकड़ी
ब्राजील के पास इस बार पेरिस सेंट जर्मेन के स्टार नेमार जूनियर के साथ टॉटेनहम हॉटस्पर के रिचार्लसन और रियल मैड्रिड के विनीसियस जूनियर की तिकड़ी है। दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों में गिने जाने वाले नेमार इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं। वहीं, रिचार्लसन और विनिसियस अपनी-अपनी टीमों के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।नेमार ने ब्राजील के लिए 121 मैचों में 75 गोल दागे हैं। वह महान खिलाड़ी पेले के 77 गोल से सिर्फ दो गोल पीछे हैं। इंग्लैंड के क्लब वेस्ट हैम की ओर से खेलने वाले मिडफील्डर लुकस पिक्वेटा को टीम में रखा गया है। उनके साथ-साथ मैनचेस्टर यूनाइटेड को एंटोनी को भी मौका मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed