घूमने आएं हरिद्वार अगर, देखकर जाएं पार्क में मगर, पर्यटन स्थल के रूप में होगा मगरमच्छ पार्क का विकास
हरिद्वार, जिले में एक अतिरिक्त पर्यटक स्थल विकसित करते हुए लक्सर में क्रोकोडाइल (मगरमच्छ) पार्क बनाए जाएगा। साथ ही मां सुरेश्वरी देवी मंदिर, पंचलेश्वर महादेव मंदिर, गुरुकुल कांगड़ी म्यूजियम, कुंजा बहादुरपुर गांव में बलिदानियों का बलिदान स्थल, झिलमिल झील आदि पर्यटक स्थलों के बारे में प्रचार प्रसार किया जाएगा। जिन स्थलों की लोगों को अधिक जानकारी नहीं है, ऐसे पर्यटक स्थलों को विकसित करने के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल की है
इस संबंध में पर्यटक स्थलों का संक्षिप्त परिचय तैयार कर उसका प्रचार प्रसार किया जाएगा। सूचना कियोस्क, साइनेज लगाने के साथ-साथ स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुवार को जिले में गठित जिला पर्यटन विकास समिति की कलेक्ट्रेट में आयोजित पहली बैठक में जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय ने इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
आए दिन निकलते हैं मगरमच्छ
जिलाधिकारी ने कहा कि लक्सर में आए दिन मगरमच्छ निकलते रहते हैं। जिले में एक क्रोकोडाइल पार्क बनाया जा सकता है। जिसे विकसित करने से जिले में एक अतिरिक्त पर्यटक स्थल विकसित होगा। पार्क विकसित होने पर यात्री संबंधित क्रोकोडाइल पार्क देखने के लिए जा सकेंगे। जिसके लिए उपवन संरक्षक हरिद्वार को योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए
जिलाधिकारी ने बैरागी कैंप भू-स्थल पर ऐरो स्पोर्ट्स के साथ सहासिक गतिविधयों का संचालन किए जाने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने के लिए जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को जिले में यात्रियों के भ्रमण के लिए टूर पैकेज तैयार करने के निर्देश दिए। जिसमें यात्रियों को जिले के अज्ञात पर्यटक स्थलों का भ्रमण करवाया जाए। जिससे उन अज्ञात पर्यटक स्थल को विकसित करने के साथ प्रचार-प्रसार भी होगा
समिति के सदस्य श्री गंगा सभा के महामंत्री तनमय वशिष्ठ ने सुझाव दिया कि हरकी पैड़ी एक विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल है। जहां बड़ी संख्या में वर्षभर श्रद्धालु स्नान को आते हैं। जिसे और अधिक आकर्षक और सुंदर स्वरूप देने के लिए भीमगोड़ा से आने वालों मार्ग से हरकी पैड़ी तक एप्रोच रोड बनाते हुए गंगा पथ का निर्माण किया जाए। जिस पर एक ओर म्यूरलस और लाइटिंग लगाई जा सकती है। जिससे पर्यटक इस क्षेत्र की ओर ज्यादा आकर्षित होंगे। साथ ही संबंधित क्षेत्र गंदगी से मुक्त भी हो सकेगा
जिलाधिकारी ने कहा कि समिति का कार्य जिले में पर्यटन स्थलों को विकसित करने के साथ ही प्रबंधन एवं आय को बढ़ाने के साधन उपलब्ध कराना है। जिले में पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों को निर्धारित दरों एवं शर्तों पर संचालन के लिए किसी संस्था या व्यक्ति को दिए जाने का प्रस्ताव तैयार कर समिति से अनुमोदनार्थ आवश्यक कार्यवाही करें। इस दौरान जिले में पर्यटक स्थलों में सुविधाएं विकसित करते हुए अधिक से अधिक पर्यटन गतिविधियों का संचालन शुरू करने पर चर्चा की गई
पर्यटन की संभावनाओं को तलाशेंगे
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी सुरेश सिंह यादव ने बताया कि यह समिति नियमित परिसंपत्तियों का संचालन और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा पर्यटन की संभावनाओं को तलाशने पर कार्य करेगी। जिले में वर्तमान में इस समिति में 11 सदस्य हैं और इस समिति की त्रैमासिक बैठक सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी समिति के अध्यक्ष और जिला पर्यटन विकास अधिकारी सदस्य सचिव होते हैं।
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में सीडीओ प्रतीक जैन, उप वन संरक्षक मयंक शेखर झा, मुख्य कोषाधिकारी नीतू भंडारी, सहायक सूचना अधिकारी सुनील तोमर, ईओ पिरान कलियर नगर पंचायत गौहर हयात, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शफक्कत अली, होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष योगेंद्र कुमार शर्मा, अशोक कुमार, राकेश अग्रवाल, अखिलेश चौहान, नमित गोयल, ट्रेवल एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश पालीवाल आदि उपस्थित रहे
