Fri. Nov 27th, 2026

पुष्कर सिंह धामी सरकार ने मांग की पूरी, वित्तीय पदोन्नति के पात्र हुए हजारों राजकीय कर्मचारी

देहरादून : पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राजकीय कर्मचारियों की मांग पूरी कर उनके लिए वित्तीय पदोन्नति का रास्ता साफ कर दिया। कार्मिकों को एमएसीपी (संशोधित सुनिश्चित कैरियर प्रोन्नति) के अंतर्गत पदोन्नत वेतनमान देने में चरित्र पंजिका में वार्षिक प्रविष्टि अति उत्तम होने की बाध्यता खत्म कर उत्तम को मान्य करने की व्यवस्था अब एक जनवरी, 2017 से लागू होगी। इससे हजारों कर्मचारियों को पुरानी देय तिथि से ही वित्तीय पदोन्नति मिल सकेगी।

वित्त सचिव दिलीप जावलकर ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। शासनादेश में संशोधित व्यवस्था के अनुसार अति उत्तम के स्थान पर उत्तम अंकित होने पर भी एमएसीपी का लाभ कार्मिकों को मिलेगा। इससे उन सभी कार्मिकों को लाभ मिलेगा, जिन्हें उनके नियंत्रण अधिकारी ने अति उत्तम की वार्षिक प्रविष्टि नहीं दी। साथ ही चरित्र पंजिका देखे जाने की अवधि 10 वर्ष से घटाकर पांच वर्ष कर दी गई है। शासनादेश में बीती छह जनवरी, 2022 को इस संबंध में जारी शासनादेश के प्रविधान में संशोधन किया गया है। पिछले आदेश में यह व्यवस्था एक जनवरी, 2022 से लागू की गई थी। साथ ही यह भी कहा गया था कि उक्त तिथि से पहले के ऐसे प्रकरण दोबारा खोले नहीं जाएंगे।

कर्मचारी संगठन इस आदेश में संशोधन की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बीती 17 नवंबर को हुई बैठक में इस पर सहमति बनी थी। इस कड़ी में शासनादेश जारी किया गया है। चरित्र पंजिका में उत्तम दर्ज होने और वित्तीय स्तरोन्नयन की देय तिथि से पीछे के पांच वर्षों की वार्षिक प्रविष्टियां देखने की व्यवस्था अब एक जनवरी, 2017 से लागू मानी जाएगी

वार्षिक प्रविष्टि उत्तम से कम होने की स्थिति में वित्तीय पदोन्नति की अर्हता की गणना में उस वर्ष को सम्मिलित नहीं माना जाएगा। अगले वित्तीय वर्ष में उत्तम वार्षिक प्रविष्टि का मानक पूरा होने पर वित्तीय पदोन्नति का लाभ दिया जाएगा। शासनादेश में कहा गया है कि एक जनवरी, 2017 के पश्चात वित्तीय पदोन्नति के मामले विभागीय स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जाएगी।..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed