Fri. Nov 27th, 2026

दिसंबर तक 75 प्रतिशत ऋण वितरित करें बैंक, अपर मुख्‍य सच‍िव ने 30 नवंबर तक ऋण आवेदन निस्तारित के द‍िए निर्देश

देहरादून : अपर मुख्य सचिव वित्त आनंद बर्द्धन ने कहा कि बैंकों को केंद्र और प्रदेश की सरकारों की ऋण योजनाओं के लिए निर्धारित लक्ष्य का 75 प्रतिशत आगामी दिसंबर माह के अंत तक पूरा करना होगा। पीएम स्वनिधि के अंतर्गत प्राप्त ऋण आवेदनों को 30 नवंबर तक निस्तारित करने के निर्देश बैंकों को दिए गए हैं।

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 83वीं बैठक

अपर मुख्य सचिव वित्त आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 83वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की एमएसएमई से संबंधित ऋण योजनाओं में ओवरलैपिंग देखने को मिल रही है। इसका परीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश उन्होंने दिए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना एवं मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना नैनो में ओवरलैपिंग की स्थिति है। बैंकों में एनपीए की वृद्धि रोकने तथा बैंकिग को सतत उपयोगी बनाने को संबंधित विभागों को सहयोग देने को कहा गया

यह तय किया गया कि बैंकों से स्थानीय प्रशासन समन्वय स्थापित कर एनपीए कम करने के प्रयास करेगा। तहसील से रिकवरी सर्टिफिकेट का मिलान करते हुए ऋण राशि की वसूली को अमीनों का सहयोग लिया जाएगा। पांच किमी की परिधि में बैंकिंग सेवाओं से आच्छादित नहीं होने वाले उत्तराखंड के 103 गांवों में बैंक शाखाएं खोलने की संभावनाओं का पता लगाने की जिम्मेदारी जिला सहकारी बैंक को दी गई। बैंक को गांवों की सूची भेजी गई है। केंद्र सरकार ने पीएमजेडीवाई, पीएमएसबीवाई तथा पीएमजेजेबीवाई जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकाधिक खाताधारकों को आच्छादित करने के निर्देश दिए हैं।

बताया गया कि राज्य में 31,59,504 खाताधारकों को पीएमजेडीवाई, 23,85,330 खाताधारकों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, 5,95,833 खाताधारकों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, 507324 खाताधारकों को अटल पेंशन योजना से जोड़ा गया है। उत्तराखण्ड में 100 प्रतिशत डिजिटल पेमेंट ईको सिस्टम को प्रोत्साहित करने की दिशा में अल्मोड़ा तथा चमोली जिले आगे चल रहे हैं। अल्मोड़ा में 99 प्रतिशत तथा चमोली में 84 प्रतिशत बचत खाते डिजिटली जुड़ चुके हैं। डिजिटाइजेशन के तहत रूपे कार्ड, आधार इनेबल्ड एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

1238 गांवों में स्थापित क‍िए जा रहे फोर जी टावर

राज्य में अगले चरण में 1238 गांवों में फोर जी टावर स्थापित किए जा रहे हैं। राज्य के सभी जिलों की खसरा खतौनी भू-लेख पोर्टल पर दर्ज कर दी गई है। अल्मोड़ा तथा पौड़ी गढ़वाल दो जिलों में भूमि का नक्शा बनाने कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष जिलों में कार्य प्रगति पर है। बैठक में कृषि सचिव बीवीआरसी पुरूषोतम, अपर सचिव सी रविशंकर, क्षेत्रीय निदेशक आरबीआइ लता विश्वनाथन, एसएलबीसी संयोजक दिग्विजय सिंह रावत तथा शासन के वरिष्ठ अधिकारी व बैंक अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed