Sat. Apr 25th, 2026

FIFA WC 2022: घाना के खिलाफ मैच में रोनाल्डो ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, इस मुकाम को मेसी-माराडोना तक नहीं छू सके

पुर्तगाल के स्टार स्ट्राइकर और कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इतिहास रच दिया है। वह फीफा वर्ल्ड कप के पांच संस्करण में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जिसे लियोनल मेसी, माराडोना और पेले जैसे दिग्गज भी हासिल नहीं कर सके। रोनाल्डो इससे पहले 2006, 2010, 2014, 2018 फीफा वर्ल्ड कप में भी गोल दाग चुके हैं। रोनाल्डो का यह फीफा वर्ल्ड कप में 18वां मैच रहा और उन्होंने सभी वर्ल्ड कप को मिलाकर आठवां गोल दागा।

रोनाल्डो ने अपने देश के लिए फीफा वर्ल्ड कप में सबसे युवा और सबसे उम्रदराज गोल स्कोरर बन गए हैं। यानी वह पुर्तगाल के लिए फीफा वर्ल्ड कप में सबसे युवा गोल स्कोरर और अब घाना के खिलाफ गोल दागने के बाद सबसे उम्रदारज गोल स्कोरर बन गए हैं। ऐसा करने वाले दुनिया के वह तीसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले क्रोएशिया के इविसा ओलिच और डेनमार्क के माइकल लॉड्रुप ऐसा कर चुके हैं
रोनाल्डो ने मेजर टूर्नामेंट्स यानी फीफा वर्ल्ड कप और यूरो कप मिलाकर 14 मैचों में 13 गोल दागे हैं। इसके अलावा वह तीन अलग-अलग वर्ल्ड कप में पेनल्टी पर गोल दागने वाले भी दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।
दरअसल, मैच के 65वें मिनट में रोनाल्डो को घाना के बॉक्स के अंदर सलिसू ने गिरा दिया और फाउल किया। इस पर रेफरी ने पुर्तगाल को पेनल्टी ऑफर किया। पुर्तगाल के कप्तान ने गोल दाग इतिहास रच दिया। यह उनका 118वां अंतरराष्ट्रीय गोल रहा। वह अंतरराष्ट्रीय गोल के मामले में नंबर वन हैं
मैच की बात करें तो रोनाल्डो की पुर्तगाल टीम ने घाना को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हरा दिया। मैच के पांचों गोल आखिरी 25 मिनट में आए। पुर्तगाल के लिए रोनाल्डो ने 65वें मिनट, जोआओ फेलिक्स 78वें मिनट और राफेल लियाओ 80वें मिनट में गोल दागा। वहीं, घाना के लिए आंद्रे एयू ने 73वें मिनट और ओसमान बुकारी ने 89वें मिनट में गोल दागा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *