शेडो एरिया में पहाड़ी पर बैठकर नेटवर्क ढूंढते दिखे:1.94 लाख कार्ड बनाने का लक्ष्य, शाम तक 12 हजार बने, सर्वर के कारण हुई परेशानी
जिले में रविवार को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए मेगा अभियान शिविरों का आयोजन हुआ। जिले में 1.94 लाख लोगों के कार्ड बनना बाकी है, इसमें से एक दिन में 12 हजार से ज्यादा कार्ड बने है। सर्वर के कारण कई ग्रामीण क्षेत्रों में कार्ड बनाने में परेशानी हुई। शेडो एरिया में नेटवर्क के लिए लोग पहाड़ी और खेतों के आसपास पहुंचे। हालाकि पिछले शिविरों की तुलना में इस बार पंजीयन की संख्या मंे बड़ी वृद्धि हुई है।
आयुष्मान योजना के तहत जिले में 6.17 लाख पात्रता रखने वाले लोग है। इसमंे 4.22 लोगों के कार्ड बने है। 1.94 लाख लोगों के कार्ड बनने का लक्ष्य रविवार को था। इसमें से 12 हजार 118 का पंजीयन रविवार शाम तक हो पाया। आयुष्मान मेगा शिविर के लिए कलेक्टर भव्या मित्तल ने सख्त निर्देश दिए थे। इसके चलते सुबह 7 बजे से अफसर-कर्मी मैदान में चले गए और पात्र लोगों को तलाशने लगे। कई शेडो एरिया और पहाड़ी क्षेत्रों में नेटवर्क की परेशानी हुई, तो ज्यादा उपयोग के कारण आयुष्मान के सर्वर चलने में भी दिक्कतें आई।
धुलकोट के ज्यादातर फलिया से लोगों को एकत्रित कर पंचायत भवन में ही इनके कार्ड बनवाए गए। शाम 5 बजे तक नगर निगम में 1872, जनपद पंचायत बुरहानपुर में 4872, जनपद पंचायत खकनार में 4899, नगर परिषद नेपानगर में 226 और नगर पंचायत शाहपुर 249 का कार्ड बनाने के लिए पंजीयन हुआ है। अब बुरहानपुर जनपद के 75 हजार, खकनार जनपद के 45 हजार और बुरहानपुर नगर निगम 62 हजार लोगों के कार्ड बनना बाकी है।
