Thu. Jun 11th, 2026

सोना ऑल टाइम हाई पर:10 ग्राम सोने का दाम 56 हजार 336 रुपए, इस साल 64 हजार तक जा सकती है कीमत

सोना सोमवार को अपने ऑल टाइम हाई तक पहुंच गया है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के मुताबिक, 9 जनवरी को सर्राफा बाजार में सोना 749 रुपए महंगा होकर 56 हजार 336 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले अगस्त 2020 में सोना सबसे महंगा हुआ था। तब 10 ग्राम के दाम 56 हजार 200 रुपए हुए थे। एक्सपर्ट के मुताबिक, इस साल सोने की कीमतें 60 हजार प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं।

चांदी में भी शानदार तेजी
चांदी की बात करें तो इसकी कीमत में भी आज शानदार तेजी देखने को मिली है। सर्राफा बाजार में ये 1,186 रुपए महंगी होकर 69,074 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई है। 6 जनवरी को ये 67,888 हजार पर थी।

2022 में सोने-चांदी में शानदार तेजी
बीते साल सोने-चांदी की कीमतों में शानदार तेजी देखने को मिली। इस साल सोना 48,279 रुपए से बढ़कर 54,867 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यानी 2022 में सोने के दाम में 6,588 रुपए की तेजी देखी गई। वहीं 2022 में चांदी 62,035 रुपए से बढ़कर 68,092 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। यानी, इस साल इसकी कीमत में 6,057 रुपए की तेजी आई।

2023 में 64,000 तक जा सकते हैं दाम
आर्थिक अनिश्चितता के बीच RBI जैसे दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों ने सोने का भंडार बढ़ाया है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, केंद्रीय बैंकों की तरफ सोने की खरीदारी बढ़ना सकारात्मक संकेत है। इससे सोने की कीमतों को सपोर्ट मिलेगा। अजय केडिया ने कहा कि 2023 में सोना 64,000 रुपए तक पहुंच सकता है।

1947 में 88.62 रुपए पर था सोना
बीते 75 सालों में सोना और चांदी तेजी से महंगे हुए हैं। 1947 में जब देश आजाद हुआ था तक सोना 88.62 रुपए प्रति 10 ग्राम पर था जो अब 56 हजार के पार निकल गया है। यानी तब से लेकर अब तक सोना 631 गुना (63198%) महंगा हो चुका है। चांदी की बात करें तो आजादी से लेकर अब तक ये 644 गुना महंगी हो गई है। 1947 में चांदी का भाव करीब 107 रुपए किलो था और अब ये 69,074 रुपए पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed